राजगढ़ जनसुनवाई में आवेदनों की माला पहनकर पहुंचा व्यक्ति: बोले- अवैध खनन उजागर करने पर माफियाओं ने जान लेने की कोशिश की – rajgarh (MP) News

राजगढ़ जनसुनवाई में आवेदनों की माला पहनकर पहुंचा व्यक्ति:  बोले- अवैध खनन उजागर करने पर माफियाओं ने जान लेने की कोशिश की – rajgarh (MP) News




राजगढ़ कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में मंगलवार को एक व्यक्ति गले में शिकायती आवेदनों की माला पहनकर पहुंचा। यह अनोखा विरोध कानरखेड़ी निवासी तंवरसिंह तंवर का था, जिसने अवैध खनन के खिलाफ वर्षों से की जा रही अनसुनी शिकायतों को सार्वजनिक रूप से सामने रखा। तंवरसिंह ने आरोप लगाया कि सुठालिया थाना क्षेत्र के शेकनपुर गांव के पास पार्वती नदी के लगभग 50 बीघा क्षेत्र में खुलेआम अवैध खनन चल रहा है। मौके पर दो पोकलेन मशीनें लगी हैं, जिनके जरिए नियमों को ताक पर रखकर खनन किया जा रहा है। उन्होंने ज्ञानसिंह सीलखेड़ा, विक्रम और सोनू यादव सहित अन्य लोगों पर अवैध खनन कराने का आरोप लगाया। कहा- मेरा पीछाकर मारने की कोशिश हुई
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने खनन का विरोध किया और इसकी सूचना देने की कोशिश की, तो खनन से जुड़े लोगों ने उनकी गाड़ी का करीब दो किलोमीटर तक पीछा किया। उनका कहना है कि यह जान से मारने का प्रयास था, जिससे वह किसी तरह बचकर निकल पाए। तंवरसिंह ने बताया कि उन्होंने इससे पहले भी कई बार अलग-अलग विभागों, सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन हर बार मामला फाइलों में ही दबकर रह गया। इसी उपेक्षा से आहत होकर उन्होंने अपने सभी पुराने आवेदनों की माला बनाकर प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश की। वहीं, प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता पूर्व में भी 100 से अधिक आवेदन विभिन्न मंचों पर दे चुका है। इसके बावजूद मामले को गंभीर मानते हुए शिकायत की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।



Source link