राजगढ़ में युवक से बर्बरता का वीडियो वायरल, बांधकर पीटा, बाल काटे; सियासत गरमाई

राजगढ़ में युवक से बर्बरता का वीडियो वायरल, बांधकर पीटा, बाल काटे; सियासत गरमाई


राजगढ़.  जिले से सामने आया एक वायरल वीडियो अब केवल एक आपराधिक घटना नहीं रह गया है, बल्कि यह प्रदेश की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक संवेदनशीलता पर बड़ा सवाल बन चुका है. वीडियो में एक युवक को रस्सियों से बांधकर उसके साथ की गई अमानवीय बर्बरता साफ देखी जा सकती है. युवक की दाढ़ी के बाल खींचे जाते हैं, सिर के बाल कैंची से काटे जाते हैं और इस दौरान उसके सिर से खून बहता हुआ दिखाई देता है. यह दृश्य न सिर्फ क्रूरता की हद दिखाता है, बल्कि यह भी उजागर करता है कि अपराधियों में कानून का कितना भय बचा है. घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर आक्रोश बढ़ता जा रहा है और आम लोग प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं.

वायरल वीडियो के आधार पर पीड़ित की पहचान 22 वर्षीय दुर्गेश तंवर के रूप में हुई है. पीड़ित की मां संजू बाई ने बताया कि उनका बेटा काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन कई दिनों तक वापस नहीं लौटा. परिवार को घटना की जानकारी तब मिली, जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. मां का आरोप है कि बेटे के साथ इतनी बर्बरता क्यों की गई, इसकी कोई जानकारी अब तक नहीं दी गई है. इससे भी गंभीर बात यह है कि शिकायत लेकर भटकने के बावजूद पुलिस स्तर पर तत्काल सुनवाई नहीं हुई. यही कारण है कि यह मामला अब प्रशासनिक लापरवाही और राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है.

वायरल वीडियो में क्या दिखा
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में युवक को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है. वीडियो में युवक असहाय स्थिति में दिखाई देता है.

  • युवक को रस्सी से बांधकर बैठाया गया.
  • दाढ़ी के बाल जबरन खींचे गए.
  • कैंची से सिर के बाल काटे गए.
  • सिर से खून बहता हुआ नजर आया.
  • आसपास मौजूद लोग बर्बरता करते दिखे.
  • यह दृश्य मारपीट और गंभीर प्रताड़ना की पुष्टि करता है.

पीड़ित परिवार की आपबीती
पीड़िता संजू बाई मूल रूप से खिलचीपुर थाना क्षेत्र के सूका सेदरा की निवासी हैं. वह पिछले करीब 20 वर्षों से ब्यावरा में रह रही हैं. उनके पति फूल सिंह और तीनों बेटे मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. मां का कहना है कि दुर्गेश का किसी से कोई विवाद नहीं था. इसके बावजूद उसके साथ इस तरह की हैवानियत क्यों हुई, यह अब तक साफ नहीं किया गया है. परिवार का आरोप है कि बेटे की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं दिखा.

शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
पीड़ित मां का आरोप है कि उन्होंने पहले एसपी कार्यालय, फिर राजगढ़ और ब्यावरा थाने में शिकायत की. इस पूरे मामले में एसडीओपी का कहना है कि घटना को गंभीरता से लिया गया है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और संबंधित लोगों की तलाश की जा रही है. हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि युवक फिलहाल कहां है और उसकी स्थिति क्या है?

मानवता शर्मसार:  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी
मामला सामने आने के बाद विपक्ष ने सरकार पर सीधा हमला बोला है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताया. उन्होंने लिखा कि राजगढ़ में एक युवक को बांधकर उसके साथ बर्बरता की गई, दाढ़ी खींची गई और कैंची से बाल काटे गए. पीड़ित की मां दर-दर थानों में भटकती रही, लेकिन न्याय नहीं मिला. जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अपराधियों को कानून का डर नहीं है और प्रदेश में गुंडा राज चल रहा है.



Source link