सहायक प्राध्यापक के इंटरव्यू की तैयारी के लिए दे रहे मार्गदर्शन – Barwani News

सहायक प्राध्यापक के इंटरव्यू की तैयारी के लिए दे रहे मार्गदर्शन – Barwani News




भास्कर संवाददाता | बड़वानी एसबीएन शासकीय पीजी कॉलेज में स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ में एमपीपीएससी से सहायक प्राध्यापक पद पर चयन के लिए इंटरव्यू तैयारी की नि:शुल्क कार्यशाला की जा रही है। यह कार्यशाला उन अभ्यर्थियों के लिए उपयोगी है, जिन्होंने लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है और आगामी दिनों में होने वाले साक्षात्कार में शामिल होने जा रहे हैं। कार्यशाला का उद्देश्य अभ्यर्थियों को मानसिक, बौद्धिक व व्यवहारिक रूप से इंटरव्यू के लिए तैयार करना है। विभिन्न विषयों के अनुभवी प्राध्यापक सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। इनमें प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य, डॉ. राजमल सिंह राह, डॉ. श्याम नाइक सहित कॅरियर सेल की टीम शामिल हैं। जरूरत अनुसार बाहरी विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराया जा रहा है। डॉ. मधुसूदन चौबे ने बताया प्रशिक्षण में अभ्यर्थियों के व्यक्तिगत परिचय, शैक्षणिक पृष्ठभूमि, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, भारतीय ज्ञान परंपरा, शिक्षण विधियां, संबंधित विषय के गहन अध्ययन पर विशेष फोकस किया जा रहा है। इंटरव्यू एटिकेट्स, उचित वेशभूषा, बॉडी लैंग्वेज, संवाद कौशल व दस्तावेज प्रबंधन पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मॉक इंटरव्यू सत्रों के माध्यम से वास्तविक साक्षात्कार की परिस्थिति का अभ्यास कराया जा रहा है। सहायक प्राध्यापक चयन परीक्षा पास वाले इच्छुक अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे कॅरियर सेल में संपर्क कर सकते हैं।



Source link