IND vs NZ T20I Series: टीम इंडिया का पूरा फोकस इस समय टी20 क्रिकेट पर है. 7 फरवरी से शुरू होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की T20I सीरीज खेलने के लिए तैयार है. मेगा इवेंट से पहले ये तैयारी करने का आखिरी मौका होगा. करोड़ों फैंस की नजर कप्तान सूर्यकुमार यादव पर रहेगी, जो पिछले कुछ समय से बेहद खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से पहले पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने सूर्या के फॉर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है.
रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप पर कब्जा किया था. हिटमैन इस फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं और अब चैंपियन बनाने की जिम्मेदारी सूर्यकुमार यादव के कंधों पर है. रोहित ने कहा कि अगर कोई बल्लेबाज खराब फॉर्म से गुजरता है तो उसका खामियाजा पूरी टीम को होता है.
रोहित शर्मा ने सूर्या को दी नसीहत
सूर्यकुमार यादव के फॉर्म पर बात करते हुए रोहित शर्मा ने स्टार स्पोर्ट्स चैनल पर कहा, ”बात कप्तान के फॉर्म में होने या न होने की नहीं है. अगर कोई खिलाड़ी फॉर्म में नहीं है, तो हमारे पास जो सात-आठ बल्लेबाज हैं, उनमें से एक बल्लेबाज कम हो जाएगा. जाहिर है, अगर आप हमारी मुख्य बल्लेबाजी शक्ति में से एक को बाहर कर देते हैं, तो बल्लेबाजी उतनी प्रभावी नहीं रहेगी जितनी होनी चाहिए. अगर सूर्या अच्छा नहीं खेलता है, तो बल्लेबाजी क्रम पर असर पड़ेगा.”
रोहित शर्मा ने सूर्यकुमार यादव की लीडरशिप क्वालिटी की तारीफ की. हिटमैन ने कहा कि मुझे लगता है कि सूर्या को खेल और अपने साथ खेलने वाले खिलाड़ियों की अच्छी समझ है, और वह उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कैसे करवा सकता है, यह भी अच्छी तरह जानता है.
— Star Sports (@StarSportsIndia) January 20, 2026
20 पारियों में एक भी फिफ्टी नहीं
सूर्यकुमार यादव पिछले 2 साल से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में संघर्ष कर रहे हैं. उनका फॉर्म खराब चल रहा है. इसे ठीक करने के लिए वह न सिर्फ नेट्स में पसीना बहा रहे हैं, बल्कि मंदिरों के चक्कर भी लगा रहे हैं. साल 2024 के बाद खेली गई 20 पारियों में उनके नाम 13.35 की औसत से सिर्फ 227 रन हैं. एक भी फिफ्टी नहीं आई है. हैरानी की बात यह है कि वह सिर्फ 2 पारियों में 20 से ज्यादा गेंदें खेल पाए. पिछली 20 पारियों में उन्हें 17 दफा तेज गेंदबाजों ने आउट किया है. अब देखना होगा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज में वह कैसे कमबैक करते हैं.
ये भी पढ़ें: रोहित-कोहली को होगा 4 करोड़ का नुकसान! A+ ग्रेड खत्म हुआ तो कितनी सैलरी देगा BCCI?