दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सहरी गांव में एक बाइक कबाड़ से भरे मालवाहक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक इलाज के बाद जबलपुर रेफर किया गया है। घटना बुधवार शाम की है। कबाड़ से भरे मालवाहक से टकराई बाइक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब सहरी गांव निवासी राजेश पिता होरी यादव और मगदूपुरा गांव निवासी खुमान पिता खिलान अहिरवार (40) अपनी बाइक क्रमांक एमपी 34 एमजे 5426 से झलौन से सहरी गांव की ओर जा रहे थे। उनकी बाइक एक कबाड़ से भरे मालवाहक क्रमांक एमपी 20 जीबी 5611 से टकरा गई। एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल टक्कर इतनी भीषण थी कि खुमान अहिरवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। राजेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें निजी वाहन से तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मालवाहक क्षतिग्रस्त हालत में सड़क पर खड़ा मिला, लेकिन उसका चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने खुमान के शव को अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link