रायसेन | विधानसभा क्षेत्र 142 सांची के बूथ लेवल ऑफिसर इन दिनों दोहरी जिम्मेदारी से परेशान हैं। विभागीय काम के साथ-साथ निर्वाचन आयोग के कार्यों का भी दबाव है। सांची क्षेत्र के सभी बीएलओ ने निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। बीएलओ ने बताया कि वे चुनावी कार्यों में लगे हैं। विभागीय अधिकारी वेतन रोकने और वेतनवृद्धि न देने की धमकी दे रहे हैं। इससे कर्मचारियों में मानसिक तनाव बढ़ रहा है। बीएलओ ने ई-अटेंडेंस को लेकर भी आपत्ति जताई। कहा- विभाग ने सुबह-शाम उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया है। लेकिन चुनावी ड्यूटी के कारण समय पर अटेंडेंस लगाना संभव नहीं हो पा रहा। ऐसे में ई-अटेंडेंस से छूट दी जाए। बीएलओ ने यह भी कहा कि चुनावी व्यस्तता के चलते विभागीय लक्ष्य पूरे नहीं हो पा रहे। इससे वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन में गलत टिप्पणी दर्ज होने की आशंका है। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि अब तक बीएलओ को मानदेय नहीं मिला है। उन्होंने जल्द भुगतान की मांग की। साथ ही निर्वाचन अधिकारी से आग्रह किया कि सभी विभागों को पत्र जारी कर बीएलओ को विभागीय कार्यों से मुक्त किया जाए। ताकि चुनावी कार्य समय पर पूरे हो सकें। बीएलओ ने निर्वाचन कार्यों के लिए पर्याप्त समय देने की भी मांग की। कहा- तभी आयोग के निर्देशों का सही पालन हो सकेगा।
Source link