नागपुर में अभिषेक शर्मा का तूफान… 240 की स्ट्राइक रेट से मचाया गदर, सूर्यकुमार-रोहित-राहुल का रिकॉर्ड ध्वस्त

नागपुर में अभिषेक शर्मा का तूफान… 240 की स्ट्राइक रेट से मचाया गदर, सूर्यकुमार-रोहित-राहुल का रिकॉर्ड ध्वस्त


India vs New Zealand Abhishek Sharma: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 टी20 मैचों की सीरीज नागपुर में बुधवार (21 जनवरी) को शुरू हुई. नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा ने सीरीज के ओपनिंग मैच में तबाही मचा दी. उन्होंने कीवी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए तूफानी अर्धशतक लगाया. अभिषेक ने 240 की स्ट्राइक रेट से रन बनाकर नागपुर में गदर मचा दिया. उन्होंने 5 चौके और 8 छक्कों से सजी अपनी पारी में 84 रन बनाए. वह अपने तीसरे शतक से चूक गए.

सैमसन-ईशान किशन फेल

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और 27 रन तक भारत के 2 विकेट झटक लिए. संजू सैमसन 10 और ईशान किशन 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. किशन लंबे समय बाद टीम में लौटे लेकिन वह मौके का फायदा नहीं उठा पाए. वह दो चौके लगाकर पवेलियन लौट गए. ऐसा लगा कि सेंटनर का फैसला सही साबित हो जाएगा, लेकिन यहां से अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गियर को बदला और कीवी गेंदबाजों की जमकर कुटाई कर दी. 

Add Zee News as a Preferred Source


अभिषेक-सूर्या की जबरदस्त साझेदारी

अभिषेक और सूर्या ने दूसरे विकेट के लिए 47 गेंदों पर 99 रन की साझेदारी से तहलका मचा दिया. सूर्या अपने पिछले साल के निराशाजनक प्रदर्शन से बाहर निकलकर अच्छी पारी खेल रहे थे, लेकिन वह उसे बड़ी नहीं बना पाए. सूर्या 22 गेंद पर 32 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का लगाया. अभिषेक दूसरे छोर पर तेजी से रन बनाते रहे और 35 गेंदों पर 84 रन ठोक दिए. उन्हें स्पिनर ईश सोढ़ी ने कायेल जेमीसन के हाथों कैच कराकर शतक के सपने को तोड़ दिया.

ये भी पढ़ें: T20 World Cup Controversy: बांग्लादेश को अल्टीमेटम… ICC ने वोटिंग से किया बड़ा फैसला, अब पाकिस्तान की निकलेगी हेकड़ी

सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ा

अभिषेक भले ही इस मैच में शतक नहीं लगा पाए हो, लेकिन उन्होंने एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वह 25 या उससे कम गेंदों पर सबसे ज्यादा बार 50 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. अभिषेक ने इंटरनेशनल टी20 में 8वीं बार 25 या उससे कम गेंदों पर अर्धशतक लगाया है. इस मामले में वह इंग्लैंड के फिलिप सॉल्ट, अपने कप्तान सूर्यकुमार यादव और वेस्टइंडीज के ईविन लुईस का रिकॉर्ड तोड़ दिया. सॉल्ट, सूर्यकुमार और लुईस ने ऐसा 7-7 बार किया है.

ये भी पढ़ें: T20 World Cup: बांग्लादेश हुआ OUT तो किस टीम की होगी एंट्री? सामने आया ICC का प्लान, जान लें नियम

रोहित-राहुल का रिकॉर्ड भी ध्वस्त

अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. यह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए गेंदों के हिसाब से सबसे तेज फिफ्टी है. अभिषेक ने केएल राहुल (ऑकलैंड, 2020) और रोहित शर्मा (हैमिल्टन, 2020) का रिकॉर्ड तोड़ दिया. दोनों ने 23-23 गेंदों में अर्धशतक लगाया था.



Source link