IND vs NZ 1st T20I: जिस पल का फैंस को बेसब्री से इंतजार था, वह घड़ी आ चुकी है. अब से कुछ घंटे बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का आगाज होगा. पहला मुकाबला नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा. इस सीरीज में टीम इंडिया के लिए वह खिलाड़ी मैच जिता सकता है, जो घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाकर आ रहा है. इस खिलाड़ी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में 500 प्लस रन बनाए थे और अब पूरे 785 दिन बाद भारत के लिए मैदान पर उतरने को बेताब है.
कप्तान सूर्यकुमार यादव साफ कर चुके हैं कि इस विस्फोटक खिलाड़ी को नंबर 3 पर भेजा जाएगा. मतलब प्लेइंग 11 में उसकी जगह पक्की है. यह वही खिलाड़ी है, जिसे टी20 विश्व कप 2026 के लिए शुभमन गिल से ऊपर तरजीह दी गई है. अब तो आप समझ ही गए होंगे कि यह तूफानी खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि बाएं हाथ के खूंखार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन हैं, जो पहली गेंद से चौके-छक्कों की बारिश के लिए पहचाने जाते हैं.
517 रन ठोकने के बाद टीम में आए हैं किशन
जिस तरह का फॉर्म लेकर किशन आ रहे हैं, उसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि वह न्यूजीलैंड के लिए सबसे बड़ा खतरा होंगे और अकेले ही कीवी टीम के होश उड़ा सकते हैं. यह वही किशन हैं, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में तबाही मचाकर टीम इंडिया में वापसी की है. 2023 के बाद वह नेशनल टीम में लौटे हैं. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने अपनी कप्तानी में झारखंड को चैंपियन बनाया. बल्ले से 10 मैचों में सबसे ज्यादा 517 रन ठोके, जिसमें 2 शतक और 2 फिफ्टी शामिल थीं. इसी प्रदर्शन के चलते उनकी टीम इंडिया में वापसी हो सकी है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसे हैं आंकड़े?
न्यूजीलैंड के खिलाफ ईशान किशन ने टी20 के 7 मैचों की 7 पारियों में सिर्फ 103 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 14.71 का है. इस दौरान उनके बल्ले से एक भी फिफ्टी नहीं निकली. किशन के ये आंकड़े भले ही उतने अच्छे न हों, लेकिन उनका मौजूदा फॉर्म बताता है कि वह कीवी टीम पर अकेले ही भारी पड़ सकते हैं. भारत के लिए किशन अब तक 32 टी20 मैचों की 32 पारियों में 6 फिफ्टी के दम पर 796 रन बना चुके हैं.
नंबर 3 पर उतरेंगे ईशान किशन
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज में टीम इंडिया के लिए तिलक वर्मा उपलब्ध नहीं हैं. वह चोट के चलते पूरी सीरीज मिस करेंगे. उनकी जगह नंबर 3 पर किशन को मौका मिलना तय माना जा रहा है. यह वह पोजीशन है, जहां खिलाड़ी आते ही तेजी से रन बनाता है और पारी को संभालता भी है. किशन ये दोनों काम कर सकते हैं. उनके पास आक्रामक शॉट्स के साथ लंबी पारी खेलने की जबरदस्त क्षमता है.
भारत की संभावित प्लेइंग-11
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह.