Last Updated:
Wasim Akram batting World Record: पाकिस्तान के दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने साल 1996 में बल्लेबाजी करते हुए एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया जो आज तक अटूट है. शेखपुरा में जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट में उन्होंने नंबर 8 पर नाबाद 257 रन बनाए थे. 12 छक्के लगाए से खेली गई ये पारी इस नंबर पर दूसरा कोई बैटर नहीं खेल पाया. भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का भी बेस्ट टेस्ट स्कोर अकरम से कम है.
नई दिल्ली. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज को स्विंग का सुल्तान बुलाया जाता है. उन्होंने अपने दौर में दुनिया के हर एक बल्लेबाज को परेशान किया था. वसीम के गेंदबाजी के रिकॉर्ड तो हर किसी को याद है लेकिन उनकी बल्लेबाजी का एक ऐसा रिकॉर्ड है जिसे तोड़ना नामुमकिन जैसा होगा. यहां तक कि भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी उनसे इस मामले में पीछे हैं.
वसीम अकरम ने अपने शानदार करियर में कई बेहतरीन दिन देखे हैं, लेकिन 20 अक्टूबर 1996 उनके लिए खास है. इस दिन एक निचले क्रम के बल्लेबाज द्वारा खेली गई सबसे यादगार पारियों में से एक देखने को मिली. अकरम बल्ले से कभी कमजोर नहीं रहे, लेकिन उस दिन वे संकट की स्थिति में आए जब पाकिस्तान के छह विकेट 183 रन पर गिर चुके थे, और उन्होंने शेखपुरा में 257 रन की विशाल पारी खेली.
वसीम अकरम का रिकॉर्ड तोड़ना क्यों मुश्किल
वसीम अकरम का जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई पारी वर्ल्ड रिकॉर्ड है और इसे तोड़ना नामुमकिन जैसा है. यह पारी टेस्ट में नंबर 8 बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बन गई. इससे पहले यह रिकॉर्ड 209 रन का था, जो उनके ही देश के इम्तियाज अहमद ने 1955 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था. अकरम की इस पारी में 12 छक्के शामिल थे, जो टेस्ट पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड बन गया. इससे पहले वॉली हैमंड ने ऑकलैंड में 336 रन की पारी में 10 छक्के लगाए थे. इसके अलावा उन्होंने 22 चौके भी लगाए और साकलैन मुश्ताक के साथ 323 रन की साझेदारी की.
मैच की पहली पारी में जिम्बाब्वे ने 375 रन बनाए थे, जिसमें पॉल स्ट्रैंग और ग्रांट फ्लावर ने शतक जड़े. लेकिन वसीम अकरम की बल्लेबाजी ने जिम्बाब्वे की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. पाकिस्तान ने 178 रन की बढ़त ली, जिसके बाद मैच का नतीजा सिर्फ ड्रॉ ही हो सकता था और वही हुआ. जिम्बाब्वे ने दूसरी पारी में 241/7 रन बनाए और 100 ओवर खेलकर मैच ड्रॉ करा लिया. अपनी ऐतिहासिक पारी के बाद थके हुए अकरम ने दूसरी पारी में सिर्फ 5 ओवर ही गेंदबाजी की.
सचिन भी नहीं पहुंच पाए स्कोर तक
वसीम अकरम ने जो टेस्ट मैच में पारी खेली थी उसमें नाबाद 257 रन का स्कोर बनाया. कमाल की बात यह कि भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर तक कभी टेस्ट क्रिकेट में इस स्कोर तक नहीं पहुंच पाए. मास्टर ब्लास्टर ने करियर में 200 टेस्ट मैच खेले और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 248 रन का रहा. पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का भी टेस्ट मैच में सर्वाधिक स्कोर 239 रन का ही है.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें