Last Updated:
भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल गुरुवार से रणजी ट्रॉफी में खेलेंगे. गिल पंजाब की ओर से खेलेंगे जिनके सामने सौराष्ट्र की टीम होगी. सौराष्ट्र की टीम में रवींद्र जडेजा शामिल हैं. वहीं हैदराबाद का सामना 42 बार की चैंपियन मुंबई से होगी. पहली बार डीएसपी सिराज हैदराबाद की कप्तानी करते हुए दिखाई देंगे.
नई दिल्ली. टीम इंडिया के दिग्गजों के बीच रणजी ट्रॉफी में जंग देखने को मिलेगी. गुरुवार से रणजी ट्रॉफी के दूसरे चरण की शुरुआत हो रही है जिसमें भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज पर सबकी नजरें रहेंगी. गिल पंजाब की ओर से सौराष्ट्र के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे वहीं मोहम्मद सिराज हैदराबाद के कप्तान के तौर पर 42 बार की चैंपियन मुंबई के खिलाफ उतरेंगे. गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद आराम करने की बजाय पंजाब की तरफ से सौराष्ट्र के खिलाफ ग्रुप बी के अहम मैच में खेलने का फैसला किया है. न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज में भारत की 1-2 से हार के बाद गिल सीधे राजकोट पहुंच गए थे, जहां उनका मुकाबला राष्ट्रीय टीम के साथी और सौराष्ट्र के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा से हो सकता है. दोनों टीमों के लिए यह मैच बहुत जरूरी है.
सौराष्ट्र 13 अंक लेकर चौथे और पंजाब छठे नंबर पर है. इस ग्रुप में कर्नाटक 21 अंक के साथ सबसे ऊपर है और महाराष्ट्र उससे तीन अंक पीछे है. भारतीय टीम के एक और खिलाड़ी मोहम्मद सिराज पर भी सबकी नजरें होंगी, जो अपने घरेलू मैदान पर हैदराबाद के कप्तान के तौर पर पहला मैच खेलने जा रहे हैं. सिराज कप्तान के तौर पर जी राहुल सिंह की जगह लेंगे और ग्रुप डी में 42 बार के चैंपियन मुंबई के खिलाफ हैदराबाद की कप्तानी करेंगे.
शुभमन गिल के सामने होंगे रवींद्र जडेजा.
मुंबई पांच मैचों में तीन जीत के साथ ग्रुप में सबसे ऊपर है
यह इस सीजन में उनका पहला रणजी मैच भी होगा. मुंबई पांच मैचों में तीन जीत के साथ ग्रुप में सबसे ऊपर है. टीम अजिंक्य रहाणे के बिना खेलेगी, जिन्होंने खुद को अनुपलब्ध बताया है. सीजन की शुरुआत में उन्होंने कप्तानी से भी इस्तीफा दे दिया था. मुंबई की टीम शार्दुल ठाकुर की कप्तानी में खेलेगी. इनके अलावा जम्मू और कश्मीर ही ग्रुप से ऐसी टीम है जो अब भी नॉकआउट में पहुंचने की दौड़ में है. केएल राहुल भी अलूर में मध्य प्रदेश के खिलाफ कर्नाटक की टीम को मजबूत करेंगे, जिससे ग्रुप बी की टॉप टीम के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की संभावना और बढ़ जाएगी.ॉ
नीतीश कुमार रेड्डी आंध्र प्रदेश की ओर से खेलेंगे
नीतीश कुमार रेड्डी अनंतपुर में विजय हजारे ट्रॉफी चैंपियन विदर्भ के खिलाफ आंध्र प्रदेश की तरफ से खेलेंगे. न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे से पहले चोटिल हुए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत दिल्ली की तरफ से रणजी ट्रॉफी मैच में नहीं खेल पाएंगे क्योंकि वह चोट से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन पर हैं. ग्रुप सी में 23 अंक के साथ सबसे ऊपर बंगाल कोलकाता के पास के कल्याणी स्टेडियम में दूसरे नंबर की सेना की मेजबानी करेगा. बंगाल इस मैच में चार अंक की बढ़त के साथ उतरेगा.
रणजी ट्रॉफी के दूसरे चरण में दो दौर के मैच होंगे
रणजी ट्रॉफी के दूसरे चरण में दो दौर के मैच होंगे, इसके बाद क्वार्टर फाइनल होंगे जो छह फरवरी से शुरू होंगे. टी20 वर्ल्ड कप के साथ ही नॉकआउट मैच होंगे. फाइनल 24 से 28 फरवरी के बीच खेला जाएगा. चारों एलीट ग्रुप में से हर एक में टॉप पर रहने वाली दो टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें