Shoaib Malik Retirement: पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर शोएब मलिक एक बार फिर चर्चा में हैं. यह दिग्गज अब पाकिस्तान सुपर लीग यानी PSL में नजर नहीं आएगा. मलिक ने 20 जनवरी 2026 को एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए खुद संन्यास का ऐलान किया है. PSL के 11वें सीजन से ठीक पहले उन्होंने इस लीग में अपने करियर पर पूर्णविराम लगाकर फैंस को हैरान कर दिया है. संन्यास का ऐलान करते हुए उन्होंने एक इमोशनल पोस्ट भी किया है.
शोएब मलिक ने इमोशनल पोस्ट में लिखा ‘PSL में खिलाड़ी के रूप में बिताए अपने 10 सालों के दौरान मैदान के अंदर और बाहर बनाए गए हर पल और हर दोस्ती को हमेशा संजोकर रखूंगा. अब इसे अलविदा कहने का समय आ गया है. हालांकि क्रिकेट की बेहतरी के लिए काम करने का उनका जुनून और जज्बा हमेशा बना रहेगा. धन्यवाद PSL.’
शोएब मलिक ने 2015 में टेस्ट और साल 2019 में वनडे को अलविदा कहा था, लेकिन टी20 इंटरनेशनल से अब तक संन्यास नहीं लिया है. आखिरी बार वह पाकिस्तान के लिए 2021 में टी20 मैच खेले थे. पाकिस्तान सुपर लीग में मलिक पूरे 10 सीजन खेले, कप्तानी भी की, लेकिन कभी खिताब नहीं जीत पाए. बतौर बल्लेबाज उन्होंने खूब रन बनाए और अपना नाम कमाया.
PSL में 4 टीमों के लिए खेले
PSL में शोएब मलिक कराची किंग्स, मुल्तान सुल्तान्स, पेशावर जल्मी और क्वेटा ग्लैडिएटर्स जैसी कुल 5 टीमों के लिए खेले थे. उन्होंने इस लीग के 92 मैचों में 33.09 की औसत से 2350 रन बनाए हैं. वह लीग के इतिहास में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं. गेंद से 17 शिकार भी किए.
टी20 क्रिकेट में बनाए 13 हजार से ज्यादा रन
यह वही शोएब मलिक हैं, जो टी20 क्रिकेट में पाकिस्तान के टॉप रन स्कोरर हैं. वह पूरी दुनिया में टी20 क्रिकेट में छठे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने 557 मैचों में 83 फिफ्टी के दम पर कुल 13571 रन बनाए, जिसमें 127.24 का स्ट्राइक रेट शामिल था.
कैसा रहा इंटरनेशनल क्रिकेट करियर?
शोएब मलिक पाकिस्तान क्रिकेट के दिग्गज कहलाते हैं. 1999 से लेकर 2021 तक उन्होंने नेशनल टीम के लिए खेला है. वह 2009 का टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम का अहम हिस्सा रहे थे. पाकिस्तान के लिए उन्होंने 446 मैच खेले, जिसमें 12 शतक और 61 फिफ्टी के दम पर 11867 रन बनाए. गेंद से 218 शिकार भी किए. ये आंकड़े तीनों फॉर्मेट के हैं.
ये भ पढ़ें: रोहित, धोनी और बुमराह तीनों बाहर, संजय बांगर ने चुनी भारत की ऑल टाइम T20 Playing XI, किसे बनाया कप्तान?