IND vs NZ 1st T20: ‘अनोखे’ शतक की दहलीज पर सूर्या, मैदान पर उतरते ही रचेंगे इतिहास, बनेंगे ऐसा करने वाले पहले क्रिकेटर

IND vs NZ 1st T20: ‘अनोखे’ शतक की दहलीज पर सूर्या, मैदान पर उतरते ही रचेंगे इतिहास, बनेंगे ऐसा करने वाले पहले क्रिकेटर


IND vs NZ 1st T20: टी20 विश्व कप 2026 से पहले टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में मैदान पर उतरते ही वह अनोखा शतक लगाएंगे और कुछ ऐसा कर देंगे, जो अब तक कोई भी क्रिकेटर नहीं कर पाया है. जी हां, 21 जनवरी यानी आज न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में होने वाला पहला टी20 मैच उनके लिए बेहद खास है. इस मैच के जरिए सूर्या न सिर्फ अपना फॉर्म हासिल करने की कोशिश करेंगे, बल्कि टी20 करियर में खास उपलब्धि भी हासिल कर लेंगे.

आखिर क्या है अनोखा शतक?

पहला टी20 मैच सूर्या के लिए इसलिए खास है, क्योंकि यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का 100वां मैच है. इस मुकाबले में मैदान पर कदम रखते ही वह 100 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले दुनिया के 53वें क्रिकेटर बनेंगे, जबकि भारत के लिए ऐसा करने वाले चौथे क्रिकेटर होंगे.

इस मामले में बनेंगे पहले क्रिकेटर

सूर्या न सिर्फ 100 मैच पूरे करने का अनोखा शतक लगाएंगे, बल्कि वह एक खास मामले में पूरी दुनिया में पहले क्रिकेटर बनेंगे. वह ऐसे पहले क्रिकेटर होंगे, जिन्होंने 10 से कम टेस्ट और 40 से कम वनडे खेलने के बावजूद 100 इंटरनेशनल टी20 मैच पूरे किए हों. ऐसा दुनिया में अब तक कोई भी क्रिकेटर नहीं कर सका है.

Add Zee News as a Preferred Source


न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सीरीज क्यों है अहम?

न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की यह टी20 सीरीज उनके लिए बतौर कप्तान और बतौर बल्लेबाज बेहद खास है, क्योंकि 2024-25 में यह खिलाड़ी रनों के लिए तरसा है. इसलिए वह विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले कीवी टीम के खिलाफ इस सीरीज में खुद को दोनों मोर्चों पर सही साबित करना चाहेंगे. उनके पास अपनी खामियों को तलाशने और उन्हें दूर करने का यह आखिरी मौका है.

20 पारियों में एक भी फिफ्टी नहीं

सूर्यकुमार यादव पिछले 2 साल से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में संघर्ष कर रहे हैं. उनका फॉर्म खराब चल रहा है. इसे ठीक करने के लिए वह न सिर्फ नेट्स में पसीना बहा रहे हैं, बल्कि मंदिरों के चक्कर भी लगा रहे हैं. साल 2024 के बाद खेली गई 20 पारियों में उनके नाम 13.35 की औसत से सिर्फ 227 रन हैं. एक भी फिफ्टी नहीं आई है. हैरानी की बात यह है कि वह सिर्फ 2 पारियों में 20 से ज्यादा गेंदें खेल पाए. पिछली 20 पारियों में उन्हें 17 दफा तेज गेंदबाजों ने आउट किया है. अब देखना होगा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज में वह कैसे कमबैक करते हैं.

सूर्यकुमार यादव का टी20 करियर

टीम इंडिया के लिए सूर्यकुमार यादव एक मैच-विनर खिलाड़ी रहे हैं. कप्तान बनने से पहले उनका बल्ला खूब चला था. अपने टी20 करियर में अब तक उन्होंने 99 मैच खेलकर 35.29 की औसत से 2,788 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक भी शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: 13571 रन, 83 फिफ्टी और 187 विकेट… PAK के दिग्गज क्रिकेटर ने PSL से लिया संन्यास…



Source link