Last Updated:
Success Story: खरगोन जिले में कई ऐसे चेहरे हैं, जिन्होंने छोटे शहर से निकलकर बड़े सपने पूरे किए हैं. इन्हीं में एक नाम आकाश पटवारी का है. संगीत के शौक को उन्होंने सिर्फ शौक नहीं रहने दिया, बल्कि उसे ही अपना करियर बना लिया और आज मुंबई की म्यूजिक इंडस्ट्री में बतौर सिंगर और म्यूजिक डायरेक्टर के रूप में अपनी पहचान कायम कर चुके हैं.
खरगोन जिले के कसरावद में जन्मे आकाश पटवारी को बचपन से ही गाने और संगीत का चस्का था. स्कूल और कॉलेज के दिनों में वे हर मौके पर गाना गाते थे. शादी-ब्याह और पार्टियों में बैंड के साथ गाकर उन्होंने अपने सफर की शुरुआत की. उस वक्त न पैसा ज्यादा था, न पहचान, लेकिन अलग पहचान बनाने का एक जुनून था

इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद आकाश के पास नौकरी का रास्ता खुला था. परिवार से सक्षम थे, कोई बिजनेस भी कर सकते थे. लेकिन, उनका मन कहीं और था. उन्होंने तय कर लिया कि संगीत में ही आगे बढ़ना है. बस एक गिटार, एक दरी ओर कपड़ों से भरा बैग लेकर वे मुंबई पहुंच गए.

लेकिन, वहां रहना, काम ढूंढना और टिके रहना आसान नहीं था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. मुंबई में शुरुआती दिन काफी संघर्ष भरे रहे. कभी छोटा काम मिला, कभी इंतजार करना पड़ा. कई बार हालात ऐसे बने कि वापस लौटने का मन हुआ, लेकिन संगीत के जुनून ने उन्हें डटे रहने की ताकत दी. धीरे-धीरे उनके काम को पहचान मिलने लगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कई सिंगरों के साथ काम करने के बाद मेहनत का परिणाम मिला और आकाश पटवारी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने में कामयाब हो गए. आज वे सिंगर और म्यूजिक डायरेक्टर एवं प्रोड्यूसर के तौर पर जाने जाते हैं. उन्होंने सोनू निगम, शंकर महादेवन और कैलाश खैर जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम किया है.

आकाश की पहचान तब और मजबूत हुई, जब वे मशहूर सिंगर कैलाश खैर की टीम का हिस्सा बने. इस दौरान उन्हें बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका और पहचान मिली. उनके बनाए गाने और म्यूजिक लोगों को खूब पसंद आए, खासकर युवाओं के बीच उनकी अलग फैन फॉलोइंग बनी.

आकाश का संगीत सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है. उनके बनाए ट्रैक वेब सीरीज, टीवी धारावाहिकों, कार्टून सीरियल्स और कई देशों की कंपनियों के ब्रांड विज्ञापनों में भी सुनाई देते हैं. अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उनका काम पसंद किया जा रहा है, जिससे उनका नाम लगातार आगे बढ़ रहा है.

बता दें कि आकाश के पिता राकेश पटवारी रिटायर्ड बैंक कर्मी हैं और मां मालती पटवारी गृहणी हैं. परिवार का साथ उन्हें हर कदम पर मिला. आकाश युवाओं से कहते हैं कि दिल की सुनो, मेहनत से पीछे मत हटो और सपनों पर भरोसा रखो. साथ ही वे माता-पिता से भी अपील करते हैं कि बच्चों के सपनों को समझें और उनका साथ दें.