Toyota Urban Cruiser Ebella vs Hyundai Creta Electric: अर्बन क्रूजर एबेला और क्रेटा इलेक्ट्रिक दोनों ही मिड-साइज इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में एक-दूसरे को टक्कर देती हैं. Toyota Ebella को इसी महीने यानी जनवरी 2026 में लॉन्च किया गया है, जबकि हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक 2025 में आई थी. ये दोनों EV ईको-फ्रेंडली ड्राइविंग, मॉडर्न फीचर्स और लॉन्ग रेंज प्रदान करती हैं. आइए इनकी डिजाइन, इंटीरियर, फीचर्स, सेफ्टी, बैटरी, मोटर और रेंज डिटेल्स के बारे में जानते हैं.
टोयोटा अर्बन क्रूजर एबेला का डिजाइन मारुति ई-विटारा पर बेस्ड है, जो बैज-इंजीनियर्ड मॉडल है. इसके फ्रंट में क्लोज्ड ऑफ ग्रिल, एलईडी हेडलैंप्स और एयरोडायनामिक बॉडी है. लंबाई 4285 मिमी, चौड़ाई 1800 मिमी, ऊंचाई 1640 मिमी और व्हीलबेस 2700 मिमी है. ये मजबूत और स्पोर्टी लुक देती है, साथ ही इसे 225/55 R18 टायर्स मिले हैं.
वहीं, हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक का डिजाइन आईसीई क्रेटा से मिलता-जुलता है, लेकिन ईवी-स्पेसिफिक एलीमेंट जैसे क्लोज्ड ऑफ ग्रिल,एयरो व्हील्स और ब्लू एक्सेंट्स हैं. इसकी लंबाई 4340 मिमी, चौड़ाई 1790 मिमी, ऊंचाई 1655 मिमी और व्हीलबेस 2610 मिमी है. दोनों में ही एलईडी लाइटिंग और एलॉय व्हील्स हैं, लेकिन एबेला का डिजाइन थोड़ा अधिक फ्यूचरिस्टिक है.
इंटीरियर डिटेल
एबेला का इंटीरियर स्पेसियस है, जिसमें डुअल-टोन थीम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और बड़ा इंफोटेनमेंट स्क्रीन है. सीट्स ईको-फ्रेंडली मटेरियल से बनी हैं और इसमें पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स और वायरलेस चार्जिंग है. क्रेटा इलेक्ट्रिक का केबिन नेवी और ग्रे डुअल-टोन में है, जिसमें 10.25 इंच की डुअल कर्व्ड स्क्रीन्स (इंफोटेनमेंट और क्लस्टर), लेदरेट अपहोल्स्ट्री और स्पेसियस लेग/नीरूम है.
इसमें फ्लोटिंग कंसोल, एम्बिएंट लाइटिंग और रियर एसी वेंट्स हैं. एबेला का व्हीलबेस लंबा होने से अधिक स्पेस मिलता है, जबकि क्रेटा का इंटीरियर अधिक प्रीमियम फील देता है. बूट स्पेस क्रेटा में 433 लीटर है, जबकि एबेला में थोड़ा कम लेकिन फ्रंक (22 लीटर) भी है.
फीचर्स में कौन आगे
दोनों कारों में एडवांस्ड फीचर्स हैं. एबेला में लेवल 2 एडास (लेन कीप असिस्ट, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटर, एडाप्टिव क्रूज कंट्रोल), 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस चार्जिंग, पावर्ड सीट्स और पैनोरमिक सनरूफ है. क्रेटा इलेक्ट्रिक में 75+ एडवांस्ड फीचर्स जैसे V2L चार्जिंग, वायरलेस फोन चार्जिंग, वेंटिलेटेड सीट्स, 8-वे पावर्ड सीट्स, रियर विंडो सनशेड और डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल हैं. क्रेटा में इन-कार पेमेंट सिस्टम और एडास-लिंक्ड रिजेनरेटिव ब्रेकिंग है, जो इसे अधिक टेक-सेवी बनाते हैं. दोनों में ही एपल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो सपोर्ट है.
सेफ्टी में कितने नंबर
सेफ्टी में एबेला मजबूत है, जिसमें 7 एयरबैग्स, एबीएस, ईबीडी, ईएसपी, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक्स, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और लेवल 2 एडास है. क्रेटा इलेक्ट्रिक में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड, 75+ सेफ्टी फीचर्स जैसे ऑल 4 डिस्क ब्रेक्स, आईपी67 रेटेड बैटरी, वाटर सोक टेस्ट और एडास हैं. दोनों ही कारें हाई-स्ट्रेंग्थ स्टील से बनी हैं, लेकिन एबेला में अधिक एयरबैग्स हैं. क्रेटा की बैटरी वारंटी 8 साल/1.6 लाख किमी है, जबकि एबेला में भी 8 साल की वारंटी है.
बैटरी, मोटर और रेंज
एबेला दो बैटरी ऑप्शन- 49 kWh (LFP) और 61 kWh के साथ आती है. छोटा 49 kWh (LFP) वेरिएंट 144 PS की पावर और 189 Nm टॉर्क देती है, जो 440 km रेंज देने में सक्षम है. वहीं, 61 kWh बैटरी पैक 174 PS की पावर और 189 Nm टॉर्क प्रोड्यूस करता है. इसकी क्लेम्ड रेंज 543 km (ARAI) है.
क्रेटा इलेक्ट्रिक में 42 kWh (NMC) बैटरी है, जो 135 PS और 255 Nm टॉर्क प्रोड्यूस करती है. इसकी रेंज लगभग 390-420 km है. बड़ा 51.4 kWh पैक 171 PS की पावर और 255 Nm टॉर्क देता है और रेंज 473-510 km के बीच है. Urban Cruiser Ebella की तरह ये भी फ्रंट-व्हील ड्राइव के साथ आती है.