Lizelle Lee fined: इन दिनों भारत में विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन यानी WPL 2026 की धूम है. अब तक 13 मैच हो चुके हैं. 20 जनवरी की रात खेले गए 13वें मुकाबले में एक खिलाड़ी को अंपायर से बहस करना भारी पड़ गया. मैच के बाद उस पर कार्रवाई की गई है. ये कोई और नहीं बल्कि दिल्ली कैपिटल्स की तूफानी ओपनर लिजेल ली हैं, जिन पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में हुई एक गलती के चलते मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना ठोका गया है और साथ ही एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है. अब सवाल ये है कि आखिर लिजेल ली की क्या गलती थी, जिसकी सजा उन्हें मिली है.
क्या है पूरा मामला?
वडोदरा के BCA स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में लिजेल ली की गलती ये थी कि उन्होंने लाइव मैच में न सिर्फ अंपायर से बहस की बल्कि एक फैसले पर नाराजगी भी जताई थी. ये पूरा वाकया मुंबई बनाम दिल्ली मैच में दिल्ली की पारी के 11वें ओवर में हुआ था. हुआ ये कि 155 रनों का टारगेट चेज कर रही दिल्ली के लिए 28 गेंदों में 46 रन बनाकर फिफ्टी के करीब थीं, तभी उन्हें 11वें ओवर में आउट दे दिया गया.
आखिर क्या थी लिजेल ली की गलती?
मुंबई के लिए 11वां ओवर अमनजोत कौर डाल रही थीं. उनकी लेग साइड की तरफ फेंकी गई गेंद पर लिजेल ली ने फ्लिक करने की कोशिश की, लेकिन वो अपना संतुलन खो बैठीं और विकेटकीपर राहिरा फिरदौस ने बिना देर किए स्टंपिंग कर दी. अंपायर ने स्टंप कैमरे समेत कई एंगल देखे. फिर आउट का फैसला सुनाया. अंपायर का ये मानना था कि जब बेल्स गिरीं, तब लिजेल का बल्ला हवा में ही था. इस फैसले से बैटर लिजेल नाराज दिखीं. अंपायर से बहस करने लगीं. इसी हरकत को अनुशासनहीनता माना गया, जिसके चलते उन पर कार्रवाई हुई है. लिजेल ने भी अपनी गलती मान ली है.
(@kharshad0) January 20, 2026
मैच का लेखा-जोखा
अगर मैच की बात करें तो मुंबई ने 6 विकेट खोकर 154 रन किए थे. इस टारगेट को दिल्ली ने 3 विकेट खोकर 19 ओवर में हासिल कर लिया. दिल्ली के लिए कप्तान जेमिमा ने 37 बॉल पर 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 51 रन बनाए. ओपनर शेफाली वर्मा ने 29, जबकि लिजेल ली ने 28 बॉल पर 46 रन ठोके. इस सीजन दिल्ली की यह दूसरी जीत है. टीम के पास अब चार अंक हो गए हैं. वो प्वाइंट टेबल में नंबर 4 पर है. लिजेल ली इस सीजन 5 मैचों में 2 फिफ्टी के दम पर 213 रन बना चुकी हैं.