WPL 2026 Playoffs Scenario: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के 13वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया. इस मैच के नतीजे के बाद पॉइंट्स टेबल का रोमांच चरम पर पहुंच चुका है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 5 मैचों में 5 जीत और 10 अंकों के साथ शिखर पर है. स्मृति मंधाना की RCB इस सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गई है. हालांकि, बाकी बचे दो स्थान के लिए चार टीमों के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिल रही है.
मंगलवार, 20 जनवरी को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया. दो बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस इस सीजन में संघर्ष कर रही है. WPL में पहली बार ऐसा हुआ है, जब हरमनप्रीत एंड कंपनी को एक सीजन में चार हार का सामना करना पड़ा है. प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए मुंबई इंडियंस को जीत की पटरी पर वापस आना होगा.
प्लेऑफ में कैसे पहुंचेगी मुंबई इंडियंस?
WPL 2026 में चार हार के बावजूद मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल पर 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है. इसके पीछे की वजह ये है कि उनका नेट रनरेट (+0.046) बाकी तीन टीमों के मुकाबले बेहतर है. हालांकि, मुंबई इंडियंस ने बाकी टीमों के मुकाबले एक ज्यादा मैच खेले हैं. MI अब अंकतालिका में नंबर-1 पर नहीं जा सकती है क्योंकि वे अधिकतम 8 अंक ही प्राप्त कर सकती हैं. प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम को अपने दोनों शेष मैच जीतने होंगे. साथ ही ये भी उम्मीद करनी होगी कि चार अंक वाली बाकी तीन टीमों में से दो टीमें उनसे नीचे रहें.
यूपी वारियर्स के लिए क्या है समीकरण?
अगर मेग लैनिंग की अगुवाई वाली टीम अपने बचे हुए तीनों मैच जीत जाती है, तो प्लेऑफ में उसकी जगह पक्की हो जाएगी. अगर जीजी और डीसी अपने बचे हुए मैचों में से दो और मैच हार जाते हैं, तो दो और जीत के साथ भी वह क्वालीफाई कर सकती है.
प्लेऑफ में कैसे पहुंच सकती है दिल्ली कैपिटल्स?
तीन बार फाइनल में पहुंचने वाली डीसी टीम के सामने प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए सबसे बड़ी चुनौती है. उन्हें न सिर्फ अपने तीनों मैच जीतने होंगे, बल्कि नेट रन रेट सुधारने के लिए बड़ी जीत हासिल करने का लक्ष्य भी रखना होगा. हालांकि, एमआई के खिलाफ उनकी हालिया जीत ने उन्हें लगातार चौथी बार टेबल-टॉप पर पहुंचने की दौड़ में बनाए रखा है.
गुजरात जायंट्स के लिए क्या है समीकरण?
डब्ल्यूपीएल 2025 में तीसरे स्थान पर रहने के बाद, जीजी ने WPL 2026 की शानदार शुरुआत करते हुए अपने तीनों मैच जीते. हालांकि, इसके बाद से वे लगातार तीन मैच हार चुके हैं और अब अंक तालिका में पांचवें स्थान पर हैं. प्लेऑफ में आसानी से पहुंचने के लिए उन्हें अपने सभी बचे हुए मैच जीतने होंगे. अगर डीसी और यूपीडब्ल्यू आठ अंक तक नहीं पहुंच पाते हैं, तो दो जीत भी उनके लिए पर्याप्त होंगी.
ये भी पढ़ें: चैंपियंस ट्रॉफी जीतना बड़ी बात नहीं… संजय मांजरेकर ने ये क्या कह दिया? अब तो पूरी टीम इंडिया दुश्मन बन जाएगी!