नई दिल्ली. आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप हमेशा से ही क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा है. सालों से यह टूर्नामेंट विस्फोटक बल्लेबाज़ी, रोमांचक रन चेज़ और आख़िरी गेंद तक सांस रोक देने वाले मुकाबलों का गवाह रहा है. अगले महीने अपने दसवें संस्करण के साथ टी20 वर्ल्ड कप की वापसी हो रही है और एक बार फिर यह मंच बल्लेबाज़ों को अपनी टी20 काबिलियत दिखाने का मौका देने जा रहा है.
टी20 वर्ल्ड कप हर संस्करण में कई बल्लेबाज़ों ने अपनी छाप छोड़ी है और दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाज़ों के खिलाफ लगातार रन बटोरे हैं. पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत करने वाले ओपनर्स से लेकर मध्यक्रम की भरोसेमंद पारियां टी20 वर्ल्ड कप में बल्लेबाज़ों ने बार-बार अपने कौशल, अनुकूलन क्षमता और निडरता का प्रदर्शन किया है. टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में टॉप पर दो भारतीय नाम हैं.
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज़्यादा रन
5- डेविड वॉर्नर (984 रन)
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज़ डेविड वॉर्नर टी20 वर्ल्ड कप के सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में पाँचवें स्थान पर हैं. 2009 से 2024 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने वाले वॉर्नर ने 41 मैचों में कुल 984 रन बनाए.
4- जोस बटलर (1013 रन)
इंग्लैंड के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज़ और पूर्व व्हाइट-बॉल कप्तान जोस बटलर भी इस सूची में शामिल हैं. मौजूदा समय में टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाले इकलौते सक्रिय खिलाड़ी बटलर चौथे स्थान पर हैं. उन्होंने 2012 से 2024 तक खेले गए टूर्नामेंटों में 1013 रन बनाए हैं.
3- महेला जयवर्धने (1016 रन)
श्रीलंका के पूर्व महान बल्लेबाज़ महेला जयवर्धने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के तीसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 31 मैचों में 1016 रन अपने नाम किए.
2- रोहित शर्मा (1220 रन)
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज़्यादा रन बनाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैं. भारत की 2024 टी20 वर्ल्ड कप खिताबी जीत में आख़िरी बार टूर्नामेंट खेलने वाले रोहित ने 44 पारियों में 133.04 की स्ट्राइक रेट से कुल 1220 रन बनाए.
1- विराट कोहली (1292 रन)
भारत के पूर्व कप्तान और आधुनिक क्रिकेट के महान बल्लेबाज़ों में शुमार विराट कोहली इस सूची में सबसे ऊपर हैं. 2012 से 2024 के बीच 35 टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने वाले कोहली ने 58.72 की शानदार औसत और 128.81 की स्ट्राइक रेट से 1292 रन बनाए हैं और वह टूर्नामेंट इतिहास के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं.
2026 वर्ल्ड कप में कई खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में अपने सफर का आगाज करेंगे और उस रिकॉर्ड रूम की तरफ अपने कदम आगे बढ़ाएंगे जिसमें विराट कोहली रोहित शर्मा महिला जयवर्धने जैसे बड़े बल्लेबाजों के नाम शामिल है,