दूसरे T20I में चले ये दो धुरंधर तो टीम इंडिया की 2-0 की लीड पक्की!

दूसरे T20I में चले ये दो धुरंधर तो टीम इंडिया की 2-0 की लीड पक्की!


नई दिल्ली. टीम इंडिया के न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टी20 इंटरनेशनल मैच जीतकर हौसले बुलंद हैं. भारत ने नागपुर में न्यूजीलैंड को 48 रन से करारी शिकस्त दी. अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह ने बल्ले से तूफानी पारियां खेलकर टीम को 238 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया, जिसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने कमाल दिखाते हुए न्यूजीलैंड को 200 रन के अंदर हो रोक दिया. भारत की नजरें अब रायपुर में होने वाले दूसरे टी20 मैच को जीतकर 2-0 की बढ़त लेने पर होंगी. आइए जानते हैं इस रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत का रिकॉर्ड कैसा है.

कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड?
रायपुर के मैदान पर भारत का जीत प्रतिशत 100 है. दरअसल, यहां भारत ने एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच खेला है, जिसमें जीत मिली थी. यह मुकाबला 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया था. सूर्यकुमार यादव की ही कप्तानी में भारत ने यह जीत दर्ज की. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 174 रन बनाए थे. जवाब में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज 154 रन तक ही पहुंच सके. इस मुकाबले में दो खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन रहा था, जो मौजूदा सीरीज में भी टीम का हिस्सा हैं. अगर ये दो खिलाड़ी आगामी मैच में चल गए तो भारत का जीतना लगभग तय हो जाएगा.

रायपुर में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड

इन दो स्टार्स ने मचाया था धमाल
उस मुकाबले में रिंकू सिंह और अक्षर पटेल ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. रिंकू ने 46 रन की तूफानी पारी खेली थी, जबकि अक्षर पटेल ने अपनी फिरकी के जादू से तीन कंगारू बल्लेबाजों को धराशायी कर दिया था. ये दोनों ही खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ भी तहलका मचाने उतरेंगे. रिंकू शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने पहले टी20 में 20 गेंदों में नाबाद 44 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थे, जिसमें तीन छक्के और चार चौके शामिल थे. हालांकि, अक्षर पटेल को लेकर संशय बना हुआ है, जो मैच गेंदबाजी के दौरान चोटिल हो गए थे.

ईशान-सैमसन पर निगाहें
दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में अपनी जीत की लय बरकरार रखने के लिए मैदान पर उतरेगी जिसमें शीर्ष क्रम में संजू सैमसन और ईशान किशन की भूमिका पर भी निगाह टिकी रहेंगी. नागपुर में सैमसन और किशन बल्ले से कोई कमाल नहीं दिखा पाए थे. सैमसन हाल में अंतिम एकादश से अंदर बाहर होते रहे हैं, लेकिन अब अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप से पहले उन्हें निश्चित रूप से लंबा मौका मिलेगा.

सीरीज के पहले मैच में आसानी से अपना विकेट गंवाने वाले सैमसन अपने विभिन्न तरह के शॉट का शानदार नमूना पेश करने के लिए प्रतिबद्ध होंगे जिनके दम पर उन्होंने सबसे छोटे प्रारूप में तीन शतक बनाए हैं. एक और बल्लेबाज जिसे टीम प्रबंधन के भरोसे को सही साबित करने की जरूरत है, वह है किशन, जिन्हें विश्व कप के लिए टीम में शामिल किया गया है और नागपुर में पहले मैच में श्रेयस अय्यर पर उन्हें प्राथमिकता दी गई थी.

आईसीसी टूर्नामेंट से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव के फॉर्म पर सबकी नजरें टिकी हुई थीं और भले ही वह कोई बड़ा योगदान नहीं दे सके, लेकिन 22 गेंदों में बनाए गए 32 रन ने उनके आत्मविश्वास को कुछ हद तक जरूर बढ़ाया होगा. पहले टी20 में मिली शानदार जीत से व्यक्तिगत तौर पर सुधार के कई क्षेत्र सामने आए, इसके बावजूद टीम के प्रदर्शन ने विश्व कप से पहले अपने प्रतिद्वंद्वियों को खतरनाक संकेत दिए हैं, जहां भारत मौजूदा चैंपियन के रूप में उतर रहा है.

दोनों टीम इस प्रकार हैं:
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा.

न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), डेवोन कॉनवे, बेवन जैकब्स, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम रॉबिन्सन, जिमी नीशम, ईश सोढ़ी, जैक फाउल्स, मार्क चैपमैन, माइकल ब्रैसवेल, रचिन रविंद्र, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी.



Source link