रिपोर्ट- मिथिलेश गुप्ता. मध्य प्रदेश के इंदौर में नगर निगम की लापरवाही नहीं थम रही है. चलती सड़क पर चैंबर खोलकर सफाई करने की वजह से लोगों की जान पर बन रही है. ढक्कन तक गंदे पानी से भरे चैंबर में एक लड़की गिर गई. घटना बड़ा सराफा बाजार की है. उसके पैर में काफी चोट आई है. मौके पर मौजूद लोगों ने पीड़िता की मदद की. दरअसल लड़की सड़क पर खड़े चैंबर साफ करने वाले वाहन की साइड से जा रही थी. निगमकर्मियों ने चैंबर का ढक्कन खोलकर रखा हुआ था. लड़की का ध्यान खुले चैंबर पर नहीं गया और वह उसमें गिर पड़ी. 19 जनवरी की घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. शहर की जनता नगर निगम पर नाराजगी जता रही है.