बुरहानपुर जिला अस्पताल में गुरुवार दोपहर कलेक्टर हर्ष सिंह ने रोगी कल्याण समिति की बैठक ली। इस बैठक में अस्पताल में मरीजों और डॉक्टरों को होने वाली समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में पूर्व में किए गए कार्यों की समीक्षा भी हुई। बताया गया कि दो लिफ्टों की मरम्मत के बाद उनका वार्षिक रखरखाव अनुबंध किया गया है, जबकि तीसरी लिफ्ट की मरम्मत और वार्षिक रखरखाव अनुबंध जल्द किया जाएगा। अस्पताल परिसर में पेड़ों की छंटाई और कटाई का काम पूरा हो चुका है। जनरेटर के लिए नई बैटरी खरीदी गई है। वर्ष 2024-25 और 2025-26 का फायर ऑडिट भी कराया गया है। इसके अलावा, अस्पताल में पानी की टंकियों की सफाई कर जल परीक्षण की रिपोर्ट भी तैयार की गई है। एम्बुलेंस मरम्मत समेत कई जरूरी काम भी होंगे
आगामी कार्यों में विधायक निधि से प्राप्त एम्बुलेंस वाहनों की मरम्मत, सर्विसिंग और टायरों का बदलाव शामिल है। वार्डों में मरम्मत और रखरखाव का कार्य भी किया जाएगा, जिसमें बाथरूम की टाइल्स और प्लंबिंग के काम प्रमुख हैं। सोलर बैटरियों की सर्विसिंग और वेटिंग एरिया के लिए थ्री-सीटर कुर्सियों की खरीद भी प्रस्तावित है। फोटोकॉपी मशीन की मरम्मत का कार्य भी किया जाना है। अस्पताल परिसर के अंदर और बाहर प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, साथ ही जनरेटर की सर्विसिंग भी कराई जाएगी। मारवाड़ी युवा मंच द्वारा स्थापित पीने के पानी की टंकी की सफाई और मरम्मत, वाटर कूलर और आरओ सिस्टम का रखरखाव भी प्रस्तावित है। गर्मियों के मौसम को देखते हुए एसी, कूलर और अन्य संबंधित उपकरणों की मरम्मत और सर्विसिंग की जाएगी। चिकित्सालय में कंप्यूटर सिस्टम, लैपटॉप और अन्य उपकरणों की मरम्मत भी की जाएगी। अस्पताल के वार्डों में हर दो महीने में एक बार पेस्ट कंट्रोल कराया जाएगा। इस अवसर पर एडीएम वीर सिंह चौहान, सिविल सर्जन डॉ. प्रदीप कुमार मोजेस, आरएमओ डॉ. भूपेन्द्र गौर, डिप्टी कलेक्टर और जिला अस्पताल के नोडल अधिकारी राजेश पाटीदार सहित रोगी कल्याण समिति के सदस्य, डॉक्टर और कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link