सतना के सोहौला में गुरुवार सुबह एक शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि छोटे बेटे की बाइक के चालान की जानकारी मिलने के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा। मृतक रामप्रसाद वर्मा (57) अमिलिया प्राथमिक शाला, संकुल कुलगढ़ी में शिक्षक थे और वर्तमान में बीएलओ का प्रभार भी संभाल रहे थे। रामप्रसाद वर्मा सुबह स्कूल जाने के लिए तैयार खड़े थे, तभी यह घटना हुई। परिजनों के अनुसार, छोटे बेटे रोहित वर्मा के साथ रात को हुए घटनाक्रम की जानकारी मिलने के बाद अचानक उनके सीने में दर्द उठा और वे जमीन पर गिर गए। आनन-फानन में परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ में चालान कटा था
यह घटना बुधवार रात लगभग 8:30 बजे की है। मृतक रामप्रसाद का छोटा बेटा रोहित वर्मा अपने दोस्तों अंकित शुक्ला, ऋषभ सिंह और एक अन्य के साथ सोहावल मैदान पर खड़ा था। उनकी बाइकें भी वहीं थीं। इसी दौरान सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को बाइक समेत थाने ले गई। रात करीब 11 बजे रोहित का बड़ा भाई करण थाने पहुंचा। प्रधान आरक्षक ने उसे बताया कि बाइक का ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ में चालान कट चुका है और बाइक अब कोर्ट से ही मिलेगी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक ने 500 रुपए लेकर रोहित के दोस्त अंकित की बाइक छोड़ दी थी। इसके बाद रोहित अपने बड़े भाई के साथ घर लौट आया। हकीकत सुनते ही बेहोश होकर गिर पड़े
अगली सुबह 8 बजे, जब पिता रामप्रसाद स्कूल जाने के लिए तैयार हुए और बाइक की चाबी मांगी, तो बड़े बेटे करण ने उन्हें रात के घटनाक्रम की जानकारी दी। जानकारी सुनते ही रामप्रसाद की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे गिरकर बेहोश हो गए, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। उधर, इस पूरे मामले में टीआई योगेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि रात में गश्त के दौरान रोहित और उसका एक दोस्त सोहावल मैदान में बाइक खड़ी कर शराब पीते मिले थे। जिस पर बीएनएस की धारा 181 के तहत ड्रिंक एंड ड्राइव का केस बना कर बाइक का चालान काटा गया था। जबकि अंकित शुक्ला की बाइक का आरटीओ दस्तावेज में चालान काटा गया था जिसका जुर्माना भरवा कर उसकी बाइक छोड़ दी गई थी। रोहित को भी हिदायत दे कर उसके भाई के साथ जाने दिया गया था।
Source link