Kia Sonet की इंडियन मार्केट में बंपर डिमांड है. कंपनी ने डेटा जारी करते हुए बताया है कि इस Popular SUV ने इंडियन मार्केट में 5 लाख यूनिट सेल का आंकड़ा पार कर लिया है. ये सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में किआ की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार है और कंपनी की कुल डोमेस्टिक सेल में लगभग 35% हिस्सेदारी इसकी ही है. सोनेट 2020 में लॉन्च हुई थी और तब से ये भारतीय बाजार में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर चुकी है.
2025 में ही इसने दूसरी बार सालाना 1 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री का आंकड़ा छुआ था. दिसंबर 2025 में सोनेट की बिक्री 9,418 यूनिट्स रही, जबकि पूरे साल किआ इंडिया ने 2.80 लाख से ज्यादा गाड़ियां बेचीं, जिसमें सोनेट का बड़ा योगदान था. ये माइलस्टोन कंपनी के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि कॉम्पिटिटिव सब-4 मीटर एसयूवी सेगमेंट में सोनेट ने अपनी स्टाइल, फीचर्स और परफॉर्मेंस से मजबूत जगह बनाई है.
Kia Sonet की कीमत
किआ सोनेट की शुरुआती एक्स-शोरूम 7.30 लाख रुपये है, जो टॉप वेरिएंट लिए 15 लाख रुपये तक जाती है. ये 5 सीटर सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी है, जिसकी लंबाई 3995 mm, चौड़ाई 1790 mm और व्हीलबेस 2500 mm है. बूट स्पेस 385 लीटर तक है, जो फैमिली यूज के लिए काफी व्यावहारिक है. इंडियन ऑटो मार्केट में सोनेट का मुकाबला Hyundai Venue, Tata Nexon और Maruti Brezza जैसी गाड़ियों से है.
इंजन और माइलेज डिटेल्स
Kia Sonet को कंपनी तीन इंजन ऑप्शन के साथ बेचती है. पहला 1.2 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो 82 bhp पावर और 115 Nm टॉर्क देता है. इसे 5-स्पीड मैनुअल या iMT के साथ बेचा जाता है, जो 18.4 kmpl के करीब ARAI क्लेम्ड माइलेज देने में सक्षम है. दूसरा 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 118 bhp पावर और 172 Nm टॉर्क देता है. इसे 6-स्पीड iMT या 7-स्पीड DCT ऑटोमैटिक के साथ पेश किया जाता है और ये 18-18.5 kmpl के आसपास माइलेज देने में सक्षम है
Kia Sonet में तीसरा और सबसे बड़ा 1.5 लीटर CRDi VGT डीजल इंजन है. ये 114 bhp पावर और 250 Nm टॉर्क प्रोड्यूस करता है, जिसे 6-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है. यह सबसे ज्यादा माइलेज देने वाला इंजन है, जिसकी ARAI क्लेम्ड फ्यूल एफिशियंसी 24.1 kmpl (मैनुअल) और 19 kmpl (ऑटोमैटिक) तक है.
इंटीरियर और फीचर्स
सोनेट प्रीमियम फीचर्स से भरपूर है. टॉप वेरिएंट में 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम (एंड्रॉइड ऑटो और एपल कारप्ले के साथ), वायरलेस चार्जिंग, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, इलेक्ट्रिक सनरूफ, बोस साउंड सिस्टम (कुछ वेरिएंट में), 360-डिग्री कैमरा, ब्लाइंड व्यू मॉनिटर और एयर प्यूरीफायर जैसे फीचर्स मिलते हैं. इंटीरियर में सेमी-लेदरेट सीट्स, ऑल-ब्लैक थीम और हाई क्वालिटी मैटेरियल यूज किया गया है. ADAS लेवल-1 (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) कुछ टॉप वेरिएंट में उपलब्ध है, जिसमें ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन कीप असिस्ट आदि शामिल हैं.
सेफ्टी डिटेल
सेफ्टी में सोनेट सेगमेंट-बेस्ट है. इसके सभी वेरिएंट में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड हैं. इसके अलावा ESC (इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल), HAC (हिल स्टार्ट असिस्ट), VSM (व्हीकल स्टेबिलिटी मैनेजमेंट), BA (ब्रेक असिस्ट), टायर प्रेशर मॉनिटरिंग, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट्स, सभी व्हील्स पर डिस्क ब्रेक्स और 3-पॉइंट सीटबेल्ट्स मिलते हैं.