भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर में खेले गए टी20 सीरीज के पहले मुकाबले को 48 रन से जीता. इसी के साथ टीम इंडिया ने 5 मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है. टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह की तूफानी पारियों के दम पर 7 विकेट खोकर 238 रन बनाए. इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 190 रन ही बना सकी. भारतीय टीम की इस जीत के तीन हीरो रहे, जिन्होंने अपने प्रचंड प्रहार से न्यूजीलैंड को चित कर दिया. आइए एक नजर डालते हैं इन 3 खिलाड़ियों पर-
1. अभिषेक शर्मा
भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के दम पर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट खोकर 238 रन बनाए. अभिषेक शर्मा ने 35 गेंदों पर 84 रनों की पारी खेली. अभिषेक शर्मा ने 240 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 5 चौके और 8 छक्के लगाए. अभिषेक शर्मा ने ऐसी बल्लेबाजी की, जिससे उन्होंने न्यूजीलैंड को लगभग मैच से बाहर कर दिया.
2. रिंकू सिंह
रिंकू सिंह इस मैच में नंबर-7 पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और 20 गेंद पर 44 रन ठोक दिए. रिंकू सिंह ने 220 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 4 चौके और 3 छक्के उड़ाए. रिंकू सिंह के बेहतरीन फिनिशिंग टच की वजह से टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 238 रन का स्कोर खड़ा कर दिया.
3. वरुण चक्रवर्ती
टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने इस मैच में 4 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट झटके. वरुण चक्रवर्ती ने इस दौरान न्यूजीलैंड के ओपनर टिम रॉबिन्सन (21) और मार्क चैपमैन (39) को पवेलियन का रास्ता दिखाया. वरुण चक्रवर्ती ने इस मैच में बेहतरीन गेंदबाजी की और कीवी बल्लेबाजों को खुलकर रन नहीं बनाने दिया.