U19 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया की टीम अंडर-19 वर्ल्ड कप में धमाकेदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के 23वें मुकाबले में श्रीलंका को 9 विकेट से रौंदा. इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान सुनिश्चित कर लिया. इस ग्रुप से ऑस्ट्रेलिया के साथ श्रीलंका और आयरलैंड ने भी ‘सुपर-6’ के लिए क्वालीफाई किया है. ऑस्ट्रेलिया ने विरोधी टीमों के नाक में दम किया. टीम ने इस मैच से पहले आयरलैंड और जापान के खिलाफ 8-8 विकेट से जीत हासिल की थी. वहीं, जापान के विरुद्ध 203 रन और आयरलैंड के खिलाफ 106 रन से विशाल जीत दर्ज करने के बाद श्रीलंका को टूर्नामेंट में पहली हार का सामना करना पड़ा है.
आयरलैंड को मिली इकलौती जीत
आयरलैंड ने जापान के खिलाफ एकमात्र जीत के साथ अगले दौर में प्रवेश किया. शुक्रवार को नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम 18.5 ओवरों में महज 58 रन पर सिमट गई. इस टीम ने महज 3 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे. यहां से कप्तान विमथ दिनसारा (7) ने कविजा गमागे के साथ 10 रन जुटाए.
विल बायरोम ने खोला पंजा
गमागे 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इनके अलावा, चमिका हीनातिगला ने 14 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। गमागे और हीनातिगला के अलावा, कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से विल बायरोम ने 6.5 ओवरों में 14 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. इनके अलावा, चार्ल्स लचमुंड और केसी बार्टन ने 2-2 विकेट निकाले। हेडन शिलर ने 1 विकेट अपने नाम किया.
ये भी पढ़ें.. सरफराज के बाद एक और दोहरा शतक… बंगाल से निकला डबल सेंचुरियन, बोर्ड पर 500+ रन
ऑस्ट्रेलिया ने 12 ओवर में जीता मैच
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने महज 12 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. इस टीम ने पांचवीं गेंद पर विल मलाजुक का विकेट गंवा दिया था। मलाजुक सिर्फ 4 ही रन टीम के खाते में जोड़ सके. यहां से नीतीश सैमुअल ने स्टीव होगान के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 58 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। नीतीश 19 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि होगान ने 28 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। श्रीलंका की तरफ से एकमात्र सफलता रसिथ निमसारो के हाथ लगी.