टीकमगढ़ में शुक्रवार को बसंत पंचमी के अवसर पर सरकारी स्कूलों में सरस्वती पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर विवेक श्रोतिय शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मवई पहुंचे और स्कूल स्टाफ तथा बच्चों के साथ मां सरस्वती की पूजा की। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में मन लगाकर जुटने को कहा। उन्होंने छात्रों को परीक्षा की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी और उनकी कॉपियां भी जांचीं। कलेक्टर बोले- सफलता के लिए मेहनत जरूरी श्रोतिय ने कहा कि कोई भी बच्चा पढ़ाई में कमजोर नहीं होता; लगन से मेहनत करने पर सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने छात्रों को मोबाइल और टीवी से दूर रहकर केवल पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। कलेक्टर ने यह भी कहा कि जो छात्र इसका पालन करेगा, वह अच्छे नंबरों से पास हो सकता है, और द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाला छात्र भी आईएएस अधिकारी बन सकता है। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने स्कूल के शिक्षकों को समय पर आने के निर्देश दिए ताकि परीक्षा से पहले बच्चों के संदेह दूर किए जा सकें। टीचर्स को दिए ये निर्देश कलेक्टर ने शिक्षकों से कहा कि परीक्षा में अब केवल 20 दिन शेष हैं, इसलिए बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों पर विशेष ध्यान देने और समय से पहले स्कूल पहुंचने को कहा ताकि स्कूल का परीक्षा परिणाम बेहतर हो सके। कलेक्टर ने बताया कि आने वाले समय में इसी तरह अन्य स्कूलों का भी निरीक्षण कर बच्चों से फीडबैक लिया जाएगा और शिक्षकों से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली जाएगी। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि परीक्षा में सबसे पहले उन प्रश्नों के उत्तर लिखें जो उन्हें अच्छे से आते हों और तीन घंटे तक सोच-समझकर अच्छी तरह से लिखें।
Source link