Ishan Kishan Breaks Abhishek Sharma Record: भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 7 विकेट से शुक्रवार (23 जनवरी) को आसानी से जीत लिया. उसने रायपुर में खेले गए मुकाबले में कीवी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी. टीम इंडिया के लिए ईशान किशन, कप्तान सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने जोरदार बैटिंग की और मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बारिश कर दी. किशन ने पिछले मैच से करीब 2 साल बाद टीम में वापसी की थी. वह नागपुर में खेले गए पहले मैच में 8 रन बनाकर आउट हुए थे और इस मैच में उन्होंने 21 गेंदों पर अर्धशतक लगाकर सबको रोमांचित कर दिया. ईशान ने 32 गेंद पर 76 रनों की तूफानी पारी खेली. उन्होंने 11 चौके और 4 छक्के लगाए.
ईशान ने तोड़ा अभिषेक का रिकॉर्ड
ईशान ने अपनी पारी के दौरान कई रिकॉर्ड बनाए. वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मैच में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने इस मामले में अपने साथी खिलाड़ी अभिषेक शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया. अभिषेक का यह रिकॉर्ड 48 घंटे के अंदर ही ध्वस्त हो गया. उन्होंने पिछले मैच में ही 22 गेंद पर फिफ्टी लगाकर यह उपलब्धि हासिल की थी. अब ईशान ने अपनी आतिशी पारी से एक झटके में अभिषेक, पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ दिया.
भारत बनाम न्यूजीलैंड के लिए T20I में सबसे तेज 50 रन (गेंदें)
21 गेंद- ईशान किशन, रायपुर, 2026
22 गेंद- अभिषेक शर्मा, नागपुर, 2026
23 गेंद-केएल राहुल, ऑकलैंड, 2020
23 गेंद- रोहित शर्मा, हैमिल्टन, 2020
23 गेंद- सूर्यकुमार यादव, रायपुर, 2026
ये भी पढ़ें: IPL 2026 से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स को तगड़ा झटका, सबसे महंगा अनकैप्ड खिलाड़ी हुआ चोटिल, अचानक क्या हुआ?
पावरप्ले में गजब की बैटिंग
ईशान किशन ने इस मैच के पावरप्ले में टीम इंडिया के लिए 23 गेंदों पर 56 रन बनाए. यह पावरप्ले में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया दूसरा बड़ा स्कोर है. उनसे आगे इस मामले में अभिषेक शर्मा है. अभिषेक ने 2025 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ पावरप्ले में 21 गेंद पर 58 रन बनाए थे.
ये भी पढ़ें: सरफराज के बाद एक और दोहरा शतक… बंगाल की टीम से निकला डबल सेंचुरियन, बोर्ड पर 500+ रन
पावरप्ले में नॉन-ओपनर्स द्वारा 50+ स्कोर (फुल मेंबर्स टीमें)
60(27), डायोन मायर्स (जिम्बाब्वे) बनाम रवांडा, नैरोबी, 2024
56(23), ईशान किशन (भारत) बनाम न्यूजीलैंड, रायपुर, 2026
51(29), जोश इंग्लिस (ऑस्ट्रेलिया) बनाम वेस्टइंडीज, बासेटेरे, 2025