अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को साइबर अपराध के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह अश्लील मैसेज भेजकर लोगों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था और उनसे पैसे ऐंठता था। पुलिस ने इस मामले में निवाड़ी जिले से एक महिला आरोपी निधि यादव (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह “मध्यप्रदेश हेलोक्राइम” के नाम से भी जाना जाता है। जांच में सामने आया है कि गिरोह महिलाओं को अश्लील मैसेज और गाली-गलौज भेजकर परेशान करता था, जबकि पुरुषों को प्रेमजाल में फंसाकर उनसे रुपए ऐंठता था। मध्यप्रदेश के कई जिलों के युवक-युवतियां इस गिरोह का शिकार हो चुके हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में की गई। शाढ़ौरा थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। इस मामले की शुरुआत 5 सितंबर 2025 को हुई, जब सेमरी निवासी एक महिला ने अज्ञात मोबाइल नंबरों से फोन कॉल और वॉट्सऐप पर अश्लील मैसेज भेजकर मानसिक प्रताड़ना देने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना शाढ़ौरा में मामला दर्ज किया गया। निरीक्षक सुनील सिकरवार के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान आरोपी महिला निधि यादव को उसके गांव थोना, जिला निवाड़ी से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपी निधि यादव ने स्वीकार किया कि वह फर्जी सिम का उपयोग कर अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को ठगी का शिकार बनाती थी। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। शाढ़ौरा पुलिस की इस कार्रवाई में थाना स्टाफ और साइबर सेल की भूमिका सराहनीय रही।
Source link