शिवपुरी में गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह कार्यक्रम तात्या टोपे ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। शनिवार को समारोह की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी और पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने रिहर्सल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परेड की अनुशासनात्मक प्रस्तुति, मार्च पास्ट और कार्यक्रमों की समयबद्धता की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में कुल 14 प्लाटून हिस्सा लेंगे। इनमें पुलिस बल के दो, होमगार्ड का एक, वन विभाग का एक, कॉलेज एनसीसी के तीन सीनियर प्लाटून, एनसीसी एयर विंग का एक, स्काउट के दो और शौर्य दल का एक प्लाटून शामिल हैं। इस बार आईटीबीपी का प्लाटून भी परेड का विशेष आकर्षण रहेगा। परेड की कमान रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती संभालेंगे, जबकि भानुप्रताप सिकरवार टूआईसी की जिम्मेदारी निभाएंगे। सुबह 9 बजे से शुरू हुई रिहर्सल में 26 जनवरी को होने वाले सभी कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास किया गया। प्रशासन ने बताया कि जिले भर में गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया जाएगा।
Source link