विधानसभा सहित तमाम चुनावों में भाजपा का डटकर मुकाबला करने के लिए कांग्रेस जमीन तैयार कर रही है। पार्टी ग्रामीण स्तर पर काम कर संगठन की मजबूती में जुटी है। पार्टी ने इंदौर जिले में ग्राम पंचायत स्तर पर 350 अध्यक्षों की नियुक्ति का लक्ष्य रखा है, जिसे अभियान चलाकर पूरा किया जा रहा है। 112 नाम पहले तय किए जा चुके हैं, शुक्रवार को 21 नामों की पांचवीं सूची भी जारी कर दी है। कांग्रेस पहली बार ग्राम पंचायत स्तर पर काम कर रही है। शुक्रवार को जारी सूची में देपालपुर विधानसभा क्षेत्र में 11 और सांवेर में 10 अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। जिला अध्यक्ष ग्रामीण विपिन वानखेड़े ने अपनी टीम से सभी ग्राम पंचायतों का विस्तृत सर्वे कराया है। इस आधार पर 133 अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। शेष पंचायतों में जल्द नियुक्ति करने का लक्ष्य है। ब्लॉक तक था पार्टी का संगठन कांग्रेस का संगठन अभी तक ब्लॉक स्तर तक हुआ करता था। पंचायत स्तर पर इससे पहले नियुक्ति नहीं की गईं। अब पंचायतों में नियुक्ति को देखते हुए ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति फिलहाल रोक दी गई है। ग्राम पंचायत स्तर पर नियुक्त किए जा रहे अध्यक्षों को एक महीने में 25 सदस्य बनाने हैं और उनकी सूची भोपाल भेजनी है। एक ब्लॉक में औसतन 30 पंचायत एक ब्लॉक में औसतन 30 पंचायतें आती हैं। ब्लॉक अध्यक्ष बनने के दावेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिन इलाकों में ग्राम कमेटियां नहीं बनीं, वहां फिलहाल ब्लॉक अध्यक्ष नहीं बनाया जाएगा। वानखेड़े ने सर्वे रिपोर्ट भोपाल भेजकर पंचायतों के नाम तय करवाए हैं। जमीनी स्तर पर मिलेगी मजबूती विधानसभा सह प्रभारी ऋतुराज सिंह चौहान ने बताया कि ग्राम पंचायत कमेटी के गठन से बूथ और ग्राम स्तर पर कांग्रेस का संगठन मजबूत होगा। आने वाले समय में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, जिला पंचायत, सहकारिता, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में यह संगठन अहम भूमिका निभाएगा। यह पहल कांग्रेस को ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम करेगी।
Source link