Last Updated:
ladyfinger Farming: अगर आपके खेत खाली हैं या आप किसी सब्जी की खेती करने की योजना बना रहे हैं तो इस समय भिंडी बोने का सबसे बढ़िया समय है. इस समय बोई गई भिंडी 45-50 दिन में तैयार हो जाएगी और उसमें कीट लगने का खतरा भी कम होता है. लेकिन, इसके लिए आपको सही किस्म का चयन करना होगा. यहां जानें सब…
Bhindi Kheti: जनवरी में भी आपका खेत खाली है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं. अब भी किसान एक ऐसी सब्जी की खेती कर सकते हैं, जो कम समय में तैयार होती है. बाजार में इसकी मांग सालभर बनी रहती है. हम बात कर रहे हैं भिंडी की. विशेषज्ञों का कहना है कि जनवरी के मध्य से फरवरी तक बोई गई भिंडी की फसल 45 से 50 दिनों में तुड़ाई के लिए तैयार हो जाती है. इस समय भिंडी की खेती करने से कीट प्रकोप भी कम रहता है और फसल की गुणवत्ता भी बेहतर मिलती है. कई प्रगतिशील किसान इस मौसम में भिंडी की खेती कर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं.
कौन-सी किस्में लगाएं
किसान कृषि क्लिनिक के नवनीत रेवापाटी बताते हैं कि जनवरी–फरवरी के मौसम में भिंडी की कई उन्नत किस्में बोई जा सकती हैं, जो अधिक उत्पादन देने के साथ-साथ रोगों से लड़ने की क्षमता भी रखती हैं. इस मौसम के लिए उपयुक्त किस्में अर्का अनामिका, अर्का अभय, क्रांति, वर्षा उपहार, पंजाब पद्मिनी, पंजाब-8, काशी प्रगति, काशी विकास, पुसा सावनी और पुसा ए-4 है. इन किस्मों की सबसे बड़ी खासियत इनमें फल अच्छे आकार के होते हैं, उत्पादन ज्यादा मिलता है और लागत भी कम आती है.
कैसी होनी चाहिए मिट्टी, खेत
एक्सपर्ट के अनुसार, भिंडी की खेती के लिए दोमट या बलुई दोमट मिट्टी सबसे अच्छी मानी जाती है, जिसमें पानी निकासी की सही व्यवस्था हो. खेत की पहली जुताई गहरी करनी चाहिए ताकि पुरानी फसल के अवशेष नष्ट हो जाएं. इसके बाद दो से तीन बार हल्की जुताई कर खेत को भुरभुरा बना लेना चाहिए. इससे बीज जमाव अच्छा होता है और पौधों की बढ़वार तेज होती है.
गोबर खाद से बढ़ेगी पैदावार
नवनीत रेवापाटी बताते हैं कि भिंडी की अच्छी पैदावार के लिए प्रति एकड़ 8 से 10 टन सड़ी हुई गोबर खाद अंतिम जुताई के समय खेत में जरूर मिलानी चाहिए. इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और उत्पादन भी अच्छा मिलता है. बीज की मात्रा 2 से 3 किलो प्रति एकड़ पर्याप्त रहती है. बुवाई से पहले बीज को कार्बेन्डाजिम या ट्राइकोडर्मा से उपचारित करना जरूरी है, ताकि शुरुआती रोगों से फसल सुरक्षित रहे. कतार से कतार की दूरी 45 से 60 सेंटीमीटर और पौधे से पौधे की दूरी 20 से 30 सेंटीमीटर रखनी चाहिए. इससे पौधों को भरपूर धूप और हवा मिलती है.
कम लागत, ज्यादा कमाई
विशेषज्ञों का कहना है कि जनवरी के आखिर में खाली पड़े खेतों के लिए भिंडी की खेती मुनाफे का बेहतरीन सौदा है. सिर्फ डेढ़ महीने में फसल तैयार हो जाती है, बाजार में दाम अच्छे मिलते हैं और अगर देखभाल सही हो तो किसान लगातार तुड़ाई कर लंबे समय तक कमाई कर सकते हैं. अगर किसान सही किस्म, सही समय और सही तकनीक अपनाएं, तो भिंडी की खेती से कम समय में अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें