बड़वानी सीवरेज कार्य के दौरान नलों में आया गंदा पानी: नवलपुरा क्षेत्र के रहवासी परेशान; नपा ने दिया समाधान का आश्वासन – Barwani News

बड़वानी सीवरेज कार्य के दौरान नलों में आया गंदा पानी:  नवलपुरा क्षेत्र के रहवासी परेशान; नपा ने दिया समाधान का आश्वासन – Barwani News




बड़वानी के नवलपुरा क्षेत्र में सीवरेज और पाइपलाइन सुधार कार्य के दौरान कई घरों के नलों में गंदा पानी आने से हड़कंप मच गया। लगभग 10 से 15 मिनट तक गंदा पानी आने के बाद लोगों ने तुरंत नल बंद कर दिए। इस घटना से क्षेत्र के रहवासियों में भारी नाराजगी देखी गई। नवलपुरा निवासी राजेश कुमार सोनी ने बताया कि सुबह नल से गंदा पानी आया, जिसे किसी ने पिया नहीं, लेकिन घरों में पानी पूरी तरह खराब हो गया। उन्होंने नगर पालिका से मांग की कि बड़वानी को इंदौर के भागीरथपुरा जैसी स्थिति न बनने दी जाए। सोनी ने कार्य समय पर पूरा करने और सड़क की सफाई कराने की भी अपील की, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो। एक अन्य रहवासी भोजराज पाचे ने बताया कि सीवरेज लाइन का काम पिछले एक हफ्ते से चल रहा है, जिससे लगातार परेशानी हो रही है। उनकी मेडिकल दुकान के सामने गंदगी फैल गई है। इससे आने-जाने वालों को दिक्कत हो रही है और व्यापार भी प्रभावित हुआ है। पाचे ने यह भी बताया कि गंदा पानी आने से उन्हें टंकियां साफ करवानी पड़ रही हैं और टैंकर से पानी मंगवाना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है। जल्द होगा सुधार कार्य इस मामले में नगर पालिका सीएमओ सोनाली शर्मा ने जानकारी दी कि गंदा पानी आने की सूचना मिलते ही कर्मचारियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि कार्य स्थल पर सुधार कार्य जारी है और समस्या का शीघ्र निराकरण कर दिया जाएगा। रहवासियों ने नगर पालिका से मांग की है कि सीवरेज और पाइपलाइन का कार्य स्थायी और गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी गंभीर समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।



Source link