T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को शुरू होने में अब सिर्फ 14 दिन बाकी है. हालांकि, मेगा इवेंट से पहले बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार को सुरक्षा का हवाला देते हुए बांग्लादेश ने विश्व कप में खेलने से इनकार कर दिया. आईसीसी ने शनिवार को कन्फर्म कर दिया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है. स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम को ग्रुप-सी में जगह मिली है. हालांकि, अब पाकिस्तान नया बखेड़ा करने में लगा है.
शनिवार, 24 जनवरी को PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने चौंकाने वाला बयान दिया. नकवी ने कहा कि वो आईसीसी के फैसले से सहमति नहीं रखते हैं और इस तरह से बांग्लादेश को बाहर करना बिल्कुल सही नहीं है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बॉस ने ये भी हिंट दिया कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान भी बाहर हो सकता है.
मोहसिन नकवी के बयान से मचा हड़कंप
बता दें कि पाकिस्तान शुरुआत से ही भारत-बांग्लादेश विवाद में आग में घी डालने का काम कर रहा है. ये कहना गलत नहीं होगा कि टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश की छुट्टी के पीछे पाकिस्तान का बड़ा हाथ है. हालांकि, लाख कोशिशों के बावजूद उसका प्लान बुरी तरह फेल हो रहा है. इंटरनेशनल बेइज्जती के बीच मोहसिन नकवी ने फिर धमकी दी है. PCB चीफ से जब पूछा गया कि आपने यह रुख अपनाया था कि अगर बांग्लादेश नहीं खेलेगा तो पाकिस्तान भी विश्व कप का बहिष्कार करेगा, अब आप क्या करेंगे?
इस सवाल का जवाब देते हुए नकवी ने कहा, ”अगर पाकिस्तान सरकार कहती है कि हम नहीं खेलेंगे, तो आईसीसी 22वीं टीम को शामिल कर सकती है। हमारे लिए आईसीसी से ज्यादा महत्वपूर्ण पाकिस्तान सरकार है.”
पाकिस्तान हुआ बाहर तो किसकी चमकेगी किस्मत?
बड़ा सवाल ये है कि अगर पाकिस्तान भी बांग्लादेश वाला रास्ता अपनाता है और टी20 वर्ल्ड कप 2026 को बॉयकॉट करता है तो उनकी जगह किस टीम की एंट्री होगी? बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया, जो आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में 14वें स्थान पर है. टॉप-20 रैंकिंग में स्कॉटलैंड एकमात्र ऐसी टीम थी जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई नहीं किया था. युगांडा इस सूची में 21वें स्थान पर है और अगर पाकिस्तान वर्ल्ड कप खेलने से इनकार करता है तो मेगा इवेंट में युगांडा की एंट्री हो सकती है.
भारत के साथ ग्रुप-ए में है पाकिस्तान
बता दें कि आईसीसी के कार्यक्रम के अनुसार पाकिस्तान को ग्रुप-ए में रखा गया है. इस ग्रुप में भारत, नीदरलैंड, अमेरिका और नामीबिया भी है. 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान का मैच होना है. हालांकि, अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट का बहिष्कार करने का फैसला करता है, तो युगांडा को वही कार्यक्रम दिया जाएगा जो पाकिस्तान को दिया गया था, ठीक उसी तरह जैसे स्कॉटलैंड को बांग्लादेश का मूल कार्यक्रम दिया गया है.
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश के बाद पाकिस्तान भी होगा T20 वर्ल्ड कप से बाहर? मोहसिन नकवी ने फोड़ा नया ‘बम’, ICC की बढ़ी टेंशन!