India Women’s Test Team: हर क्रिकेटर का सपना होता है कि वह अपने देश के लिए खेले. खासकर टेस्ट क्रिकेट में, क्योंकि यह इस खेल का सबसे पुराना फॉर्मेट है और इसमें खिलाड़ी की असली पहचान होती है कि आखिर वह कितना खास है. यह सपना चार महिला खिलाड़ियों का सच होने जा रहा है. इन सभी को भारत की टेस्ट टीम में जगह मिली है. महिला टीम को अगले महीने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एकमात्र टेस्ट खेलना है, जिसके लिए 24 जनवरी 2025 को बीसीसीआई की तरफ से स्क्वाड का ऐलान किया गया है, जिसमें 4 ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट और WPL में शानदार प्रदर्शन किया था. अब वह पहली बार टेस्ट टीम का हिस्सा बनी हैं.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की महिला टीम 6 से 9 मार्च तक पर्थ के वाका मैदान पर एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी. इस मैच के लिए हरमनप्रीत कौर को कप्तानी सौंपी गई है. टीम में सीनियर खिलाड़ी स्मृति मंधाना भी शामिल हैं. टेस्ट टीम में पहली बार जगह हासिल करने वाली खिलाड़ियों में प्रतिका रावल का नाम भी है, जो वनडे में जलवा दिखा चुकी हैं. दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाली प्रतिका पहली बार टेस्ट टीम का हिस्सा होंगी. आइए जानते हैं उनके अलावा तीन और कौन सी खिलाड़ी इस लिस्ट में शामिल हैं.
भारत की महिला टेस्ट टीम में पहली बार चुनी गईं ये 4 खिलाड़ी
1. प्रतिका रावल- दिल्ली से आने वाली यह खिलाड़ी दाएं हाथ की स्टार ओपनर हैं, जिन्होंने अब तक सिर्फ वनडे क्रिकेट खेला है. 24 मैचों में उनके नाम 2 शतक और 7 अर्धशतक के दम पर 1110 रन दर्ज हैं.
2. क्रांति गौड़- मध्यप्रदेश से आने वाली क्रांति गौड़ एक तेज गेंदबाज हैं, जिन्होंने अब तक 15 वनडे मैचों में 23 विकेट झटके हैं, जबकि 4 टी20 मैचों में 2 विकेट ले चुकी हैं.
3. अमनजोत कौर– पंजाब से आने वाली यह ऑलराउंडर गेंद और बल्ले दोनों से मैच पलटने की क्षमता रखती हैं. वह 16 वनडे मैचों में 19 विकेट लेने के साथ 244 रन बना चुकी हैं, जबकि टी20 के 21 मैचों में 8 विकेट और 185 रन उनके नाम हैं.
4. वैष्णवी शर्मा- मध्यप्रदेश से आने वाली 20 साल की यह बाएं हाथ की स्पिनर भी पहली बार टेस्ट टीम में चुनी गई हैं. यह वही वैष्णवी हैं, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में कमाल किया और फिर भारत के लिए टी20 डेब्यू भी किया. 5 टी20 मैचों में वह 5 विकेट ले चुकी हैं.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट के लिए भारत की महिला टेस्ट टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, अमनजोत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, वैष्णवी शर्मा और सायली साठघरे.
ये भी पढ़ें: T20, ODI और Test खेलने ऑस्ट्रेलिया जाएगी टीम इंडिया, स्क्वाड का हुआ ऐलान