मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र के डुडवा खापा गांव में शुक्रवार देर रात एक कच्चे मकान में भीषण आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था। मकान मालिक बीजाडांडी के कन्या छात्रावास में चपरासी हैं और ड्यूटी पर थे। उनकी पत्नी भी किसी काम से बाहर गई हुई थीं। पड़ोसियों ने घर से धुआं और आग की लपटें देखकर ग्रामीणों को सूचित किया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन लकड़ी और खपरैल के मकान में आग तेजी से फैल चुकी थी। सूचना मिलने पर बीजाडांडी पुलिस मौके पर पहुंची। निवास और बरेला से दमकल वाहनों को बुलाया गया। सरपंच डुमारी कुम्हरे भी पानी का टैंकर लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। अन्य मकान बचे पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इससे आसपास के अन्य मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों और तहसीलदार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने शासन से उचित मुआवजे की मांग की है।
Source link