सीधी में घूमने की तलाश यहां होगी खत्म, नौका विहार बना पर्यटकों की पहली पसंद, बेहद सस्ती बोटिंग

सीधी में घूमने की तलाश यहां होगी खत्म, नौका विहार बना पर्यटकों की पहली पसंद, बेहद सस्ती बोटिंग


Last Updated:

Sidhi Visit Place: ठंड के मौसम में सीधी जिले का नौका विहार पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है. पटेहरा खुर्द स्थित इस पर्यटन स्थल पर शांत झील के बीच बोटिंग का आनंद लिया जा सकता है. नौका विहार सुबह 10:30 बजे से शाम 7 बजे तक खुला रहता है और एंट्री पूरी तरह निशुल्क है.

Sidhi News: ठंड का मौसम शुरू होते ही लोग भीड़-भाड़ और शोरगुल से दूर किसी शांत, सुंदर और प्रकृति से भरपूर जगह की तलाश करने लगते हैं. ऐसे में मध्य प्रदेश के सीधी जिले में स्थित नौका विहार सैर-सपाटे के शौकीनों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है. पटेहरा खुर्द में स्थित यह डैम पर्यटन स्थल अपनी खुली वादियों, हरियाली और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है. सर्दियों में यहां का मौसम बेहद सुहावना हो जाता है, जिससे पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिलता है.

पटेहरा खुर्द का नौका विहार अपनी शांत झील और मनमोहक प्राकृतिक नजारों के कारण खास पहचान रखता है. चारों ओर फैली हरियाली, नीला आसमान और ठंडी हवाओं के बीच झील का दृश्य मन को गहरी शांति का एहसास कराता है. झील में उठती हल्की लहरें और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता लोगों को शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी से कुछ पल सुकून देती हैं. यही वजह है कि परिवार, युवा और कपल्स सभी इस जगह को अपनी पसंदीदा पर्यटन स्थल के रूप में चुन रहे हैं.

यहां आने वाले पर्यटकों के लिए नौका विहार सबसे बड़ा आकर्षण है. झील में पैंडल बोटिंग की सुविधा उपलब्ध है, जिसका आनंद लेना लोगों को बेहद पसंद आता है. नौका चालक शुभम तिवारी ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्यटन विभाग द्वारा तीन नई पैंडल बोट की व्यवस्था की गई है. पहले से मौजूद कई बोट्स में एक नाव में चार लोगों के बैठने की सुविधा है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी पर्यटकों को लाइफ जैकेट भी उपलब्ध कराई जाती है.

बोटिंग का इतना किराया
बोटिंग के किराए भी आम लोगों की पहुंच में हैं. पैंडल बोट का किराया प्रति व्यक्ति 50 रुपये और अन्य बोट का किराया प्रति व्यक्ति 100 रुपये निर्धारित किया गया है. करीब 15 से 20 मिनट की बोटिंग के दौरान पर्यटकों को झील के बीच स्थित टापू तक ले जाया जाता है, जहां लोग फोटोग्राफी के साथ-साथ प्राकृतिक दृश्यों का भरपूर आनंद लेते हैं.

यहां पहुंचना बेहद आसान
नौका विहार तक पहुंचना भी बेहद आसान है. यह पर्यटन स्थल सीधी शहर से लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर पटेहरा खुर्द में स्थित है. यहां बस, ऑटो या निजी वाहन से आसानी से पहुंचा जा सकता है. पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां रेस्टोरेंट की भी व्यवस्था है. नौका विहार सुबह 10:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक खुला रहता है और एंट्री फीस पूरी तरह निशुल्क है. अगर आप इस सर्दी में परिवार या दोस्तों के साथ एक यादगार और सुकून भरी यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो नौका विहार एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें

homemadhya-pradesh

सीधी में घूमने की तलाश यहां होगी खत्म, नौका विहार बना पर्यटकों की पहली पसंद



Source link