Last Updated:
5 Teams Are Favourites To Win T20 World Cup: भारत 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रच सकता है. अब तक किसी भी टीम ने लगातार दो बार ये खिताब नहीं जीता है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम लगातार जीत हासिल कर रही है. न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर इयान स्मिथ ने भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड को खिताब जीतने का दावेदार बताया है.
नई दिल्ली. भारत के पास 2026 टी20 वर्ल्ड कप में इतिहास रचने का मौका है. टीम को एक बार फिर से खिताब के प्रबल दावेदारों में गिना जा रहा है. टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक कोई भी टीम अपने घर में खिताब नहीं जीत पाई है, न ही कोई टीम लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने में सफल रही है. भारत के पास टी20 वर्ल्ड कप को दो बार से ज्यादा जीतने वाली पहली टीम बनने का भी मौका होगा.
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने अलग-अलग डिपार्टमेंट में अपनी मजबूती साबित की है. इसी वजह से क्रिकेट जानकार उन्हें टी20 वर्ल्ड कप से पहले सबसे मजबूत टीम मान रहे हैं. भारत ने 2024 में दूसरी बार खिताब जीता था और पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा था. न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज और मशहूर कमेंटेटर इयान स्मिथ भी मानते हैं कि भारत अपने घर में खेलते हुए खिताब बचा सकता है. उन्होंने चेतावनी दी है कि इस बार प्रतियोगिता काफी बराबरी की है और पांच टीमें खिताब जीत सकती हैं.
स्मिथ ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, “भारत के पास खिताब बचाने का अच्छा मौका है क्योंकि वे अपने घर में खेल रहे हैं, जिससे उन्हें फायदा मिलेगा. वे परिस्थितियों को अच्छी तरह जानते हैं. लेकिन मुझे लगता है कि इस बार प्रतियोगिता काफी बराबरी की है. मुझे लगता है कि पांच टीमों में से कोई भी जीत सकती है. यही टी20 क्रिकेट की खासियत है.”
स्मिथ के मुताबिक, पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड, पिछली बार के उपविजेता दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड वे चार टीमें हैं जो भारत को चुनौती दे सकती हैं. स्मिथ ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया हमेशा खतरा रहेगा, है ना? भारत तो है ही. इंग्लैंड को भी खुद को साबित करना है, साथ ही ब्रेंडन मैक्कलम को भी. उन्हें अपनी व्हाइट बॉल क्रिकेट सुधारनी होगी, जो अभी अच्छी नहीं रही है.”
स्मिथ ने आगे कहा, “आप कभी दक्षिण अफ्रीका को नजरअंदाज नहीं कर सकते. अब उन्होंने एक ट्रॉफी (डब्ल्यूटीसी) जीत ली है. और मैं न्यूजीलैंड को भी बाहर नहीं मानता. जब वे पूरी ताकत के साथ खेलते हैं, तो वे काफी मजबूत टीम हैं. और वे भारत में अच्छा खेलते हैं.”
भारत को वर्ल्ड कप के ग्रुप ए में रखा गया है, जिसमें उनके साथ अमेरिका, नीदरलैंड्स, नामीबिया और पाकिस्तान हैं. भारत अपना अभियान 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ शुरू करेगा.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें