U19 World Cup 2026: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया जीत की पटरी पर सवार है. शनिवार को भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत हासिल की. बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 135 रन बनाए. इसके जवाब में टीम इंडिया के दो युवा धुरंधर वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे ने जलवा दिखाया और कीवी गेंदबाजों के होश उड़ाते हुए आसानी से जीत हासिल कर ली.
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी से ज्यादा खतरनाक बल्लेबाजी कप्तान आयुष म्हात्रे ने की. पहली गेंद से ही उन्होंने आक्रामक रवैया अपनाया और महज 24 गेंदों पर अर्धशतक ठोका. इसके साथ ही आयुष म्हात्रे ने ऐसा कारनामा किया, जिसका इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे थे. दूसरे विकेट के लिए वैभव-आयुष के बीच 39 गेंदों पर 76 रनों की तूफानी पार्टनरशिप हुई.
आयुष म्हात्रे ने पहली बार किया ये कारनामा
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में आयुष म्हात्रे ने फिफ्टी जड़कर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया. दरअसल, यूथ वनडे क्रिकेट में ये उनका पहला अर्धशतक है. इसके लिए उन्होंने 16 मैचों का इंतजार किया. पिछले कुछ मैचों से आयुष म्हात्रे कुछ खास कमाल नहीं दिखा रहे थे. आईपीएल और रणजी ट्रॉफी में लोहा मनवाने के बावजूद आयुष म्हात्रे यूथ ODI में संघर्ष कर रहे थे, लेकिन अब उन्होंने इस दाग को धोते हुए अंडर-19 करियर का पहला अर्धशतक जड़ा.
वैभव सूर्यवंशी से भी ज्यादा विस्फोटक बल्लेबाजी
दिलचस्प बात ये है कि इस मुकाबले में आयुष म्हात्रे ने स्टार ओपनर वैभव सूर्यवंशी से भी ज्यादा खतरनाक बल्लेबाजी की. 14 साल के वैभव ने 173.91 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 23 गेंदों पर 40 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे. हालांकि, नंबर-3 पर उतरे आयुष म्हात्रे ने 196.30 की स्ट्राइक रेट से 27 गेंदों पर 53 रन बना दिए और तूफानी पारी के दौरान 6 छक्के और 2 चौके जड़े. ये कहना गलत नहीं होगा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में आयुष म्हात्रे ने वैभव के अंदाज में बैटिंग की.
गेंदबाजी में चमके आरएस अंबरीश
इससे पहले बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. तेज गेंदबाज आरएस अंबरीश के आगे कीवी बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए. अंबरीश ने 8 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट चटकाए. उनके साथी गेंदबाज हेनिल पटेल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किया. न्यूजीलैंड की टीम 135 रनों पर ढेर हो गई. भारत ने महज 13.3 ओवरों में 3 विकेट खोकर लक्ष्य का पीछा कर लिया और अंडर-19 विश्व कप 2026 में जीत की हैट्रिक लगाई.
ये भी पढ़ें: बांग्लादेश के बाद पाकिस्तान भी होगा T20 वर्ल्ड कप से बाहर? मोहसिन नकवी ने फोड़ा नया ‘बम’, ICC की बढ़ी टेंशन!