T20 WC 2026: गेंदबाजों के लिए कब्रगाह बना भारत का ये मैदान, वर्ल्ड कप में खेले जाएंगे 5 अहम मैच, यहां बन चुका है 459 रनों का प्रचंड रिकॉर्ड

T20 WC 2026: गेंदबाजों के लिए कब्रगाह बना भारत का ये मैदान, वर्ल्ड कप में खेले जाएंगे 5 अहम मैच, यहां बन चुका है 459 रनों का प्रचंड रिकॉर्ड


Wankhede Stadium T20 International statistics: टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी पूरी हो चुकी है. अब सभी को इंतजार है तो सिर्फ 7 फरवरी का. ये वही दिन है, जब 20 टीमें खिताब जीतने का मिशन शुरू करेंगी. इस बार ये विश्व कप भारत और श्रीलंका में हो रहा है. कुल 8 मैदानों पर मैच होंगे. इनमें से 5 भारत के हैं, जबकि 3 मैदान श्रीलंका के हैं. भारत में जिन मैदानों पर वर्ल्ड कप होगा, उनमें ऐतिहासिक मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम भी शामिल है. इस मैदान पर कुल 5 मैच खेले जाने हैं. ये वही मैदान है, जो गेंदबाजों के लिए किसी कब्रगाह से कम नहीं है, जबकि बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है.

वानखेड़े में पहला मुकाबला 7 फरवरी को होगा. यह मैच भारत और अमेरिका के बीच खेला जाएगा, जो टी20 विश्व कप 2026 का ओपनिंग मुकाबला भी है. इसके बाद 8, 11, 12, 15 और 17 फरवरी को यहां मुकाबले खेले जाएंगे. वानखेड़े में छोटी बाउंड्री, फ्लैट पिच और ओस का असर साफ दिखता है. यहां रनों की बारिश होती है. ये वही ऐतिहासिक मैदान है, जहां 2011 वर्ल्ड कप फाइनल और कई यादगार टी20 मुकाबले खेले जा चुके हैं.

गेंदबाजों के लिए क्यों कब्रगाह है वानखेड़े का मैदान?

वानखेड़े की पिच गेंदबाजों के लिए किसी कब्रगाह से कम नहीं है. यहां रनों की जमकर बारिश होती है. छोटी बाउंड्री और आउटफील्ड बेहद ज्यादा तेज है. बल्ले से निकलते ही गेंद बाउंड्री के पार चली जाती है, जबकि कई बार तो टॉप एज लगने पर भी छक्का हो जाता है. यहां गेंदबाजों की हालत का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि पहली पारी का औसत स्कोर 178 रन है, जबकि दूसरी पारी में यह घटकर 156 रन रह जाता है. ये सिर्फ टी20 इंटरनेशनल मैचों के आंकड़े हैं. वहीं आईपीएल में यहां 200 रन बनना आम बात है.

Add Zee News as a Preferred Source


आखिर क्यों वानखेड़े में बरसते हैं रन?

अब सवाल ये है कि आखिर वानखेड़े स्टेडियम में रनों की बारिश क्यों होती है? दरअसल यह मैदान महाराष्ट्र के चर्चगेट इलाके में अरब सागर के पास स्थित है. वानखेड़े में लाल मिट्टी की पिच है. इस मिट्टी से तैयार पिचों पर अच्छा उछाल मिलता है, जिससे गेंद बल्ले पर सही आती है और छक्के लगाना आसान हो जाता है.

हाई स्कोरिंग ग्राउंड है वानखेड़े

आपको जानकर हैरानी होगी कि इस मैदान पर अब तक कुल 13 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिनमें पहली पारी में 6 बार 200 प्लस स्कोर बना है और 6 बार स्कोर 180 प्लस तक पहुंचा है. मतलब कुल 12 बार एक पारी में 180 से ज्यादा रन बने हैं. यह साफ दिखाता है कि वानखेड़े एक हाई स्कोरिंग ग्राउंड है. यहां गेंदबाजों की जमकर पिटाई होती है और रन बनाना आसान रहता है.

कैसा है वानखेड़े का टी20 रिकॉर्ड

वानखेड़े स्टेडियम में अब तक टी20 इंटरनेशनल के कुल 13 मैच खेले गए हैं. इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 6 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 7 मुकाबलों में जीत दर्ज की है.

वानखेड़े में सबसे बड़ा टी20 टोटल

वानखेड़े स्टेडियम में टी20 इंटरनेशनल का सबसे बड़ा स्कोर 247 रन है. यह रिकॉर्ड 2025 में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था. उस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने 54 गेंदों पर 7 चौके और 13 छक्कों की मदद से 135 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. भारत ने 9 विकेट पर 20 ओवर में 247 रन बनाए थे.

डिफेंड होने वाला सबसे छोटा स्कोर

इस मैदान पर डिफेंड होने वाला सबसे छोटा स्कोर 143 रन है, जो वेस्टइंडीज महिला टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था. वेस्टइंडीज ने 6 विकेट खोकर 143 रन बनाए थे, जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 137 रन ही बना सकी थी और 6 रन से मुकाबला हार गई थी.

जब एक मैच में बने थे 459 रन

वानखेड़े स्टेडियम में एक मैच में दोनों पारियों को मिलाकर कुल 459 रन बन चुके हैं. यह मुकाबला 18 मार्च 2016 को इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया था. साउथ अफ्रीका ने 4 विकेट खोकर 229 रन बनाए थे. जवाब में इंग्लैंड ने 19.4 ओवर में 8 विकेट खोकर 230 रन बनाकर 2 गेंद शेष रहते मैच जीत लिया था. इस मुकाबले में कुल 22 छक्के लगे थे.

टी20 विश्व कप 2026 में वानखेड़े में होने वाले अहम मैच

7 फरवरी, भारत vs अमेरिका.

8 फरवरी, इंग्लैंड vs नेपाल.

11 फरवरी, इंग्लैंड vs वेस्टइंडीज.

12 फरवरी, नेपाल vs इटली.

15 फरवरी, वेस्टइंडीज vs नेपाल.

17 फरवरी, बांग्लादेश vs नेपाल.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ T20I: इस मामले में एशिया की बेताज बादशाह बनी Team India, घर में लगाया ये अनोखा शतक, फिर भी न्यूजीलैंड से है पीछे



Source link