Abhishek Sharma Records: भारत ने तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड को 8 विकेट से रौंदकर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली. गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अभिषेक शर्मा नाम के तूफान ने कीवियों को बर्बाद कर दिया. बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज ने महज 14 गेंद पर फिफ्टी जड़कर इतिहास रच दिया. अभिषेक भले ही अपने ‘गुरु’ युवराज सिंह के 12 गेंदों में अर्धशतक बनाने के महारिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गए, लेकिन शानदार पारी के दौरान उन्होंने हार्दिक पांड्या और पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया.
न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही सीरीज में अभिषेक शर्मा ने पहले मुकाबले में भी तबाही मचाई थी और 35 गेंदों पर 84 रन बनाए थे. दूसरे मैच में उनका बल्ला खामोश रहा और वो शून्य पर आउट हो गए. हालांकि, गुवाहाटी में हुए तीसरे T20I में अभिषेक ने पिछले मैच में फेल होने का गुस्सा भी निकाला और कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए नाबाद 68 रन बनाए.
अभिषेक शर्मा ने तोड़ा रोहित का प्रचंड रिकॉर्ड
महज 14 गेंद पर फिफ्टी ठोककर अभिषेक शर्मा ने ना सिर्फ न्यूजीलैंड को जख्म दिया, बल्कि रोहित शर्मा के तमाम फैंस के भी होश उड़ा दिए. जी हां, अभिषेक अब भारत की तरफ से T20I मैच में पावरप्ले के अंदर यानी पहले 6 ओवरों में ही सबसे अधिक अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने 36 मैचों के T20I करियर में तीसरी बार ये करिश्मा किया है. वहीं, रोहित शर्मा ने दो बार और ईशान किशन न एक बार ये कारनामा किया है.
पावरप्ले में फिफ्टी जड़ने वाले भारतीय (टी20 इंटरनेशनल में)
3 बार – अभिषेक शर्मा
2 बार – रोहित शर्मा
1 बार – ईशान किशन
1 बार – यशस्वी जायसवाल
1 बार – केएल राहुल
T20I में सबसे तेज अर्धशतक (भारतीय)
युवराज सिंह- बनाम इंग्लैंड, 12 गेंदों पर
अभिषेक शर्मा- बनाम न्यूजीलैंड, 14 गेंदों पर
हार्दिक पांड्या- बनाम साउथ अफ्रीका, 16 गेंदों पर
अभिषेक शर्मा- बनाम इंग्लैंड, 17 गेंदों पर
न्यूजीलैंड के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए तीसरे T20I में अभिषेक शर्मा अंत तक टिके रहे और 20 गेंदों पर 68 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. उनके साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी बहती गंगा में हाथ धोते हुए 26 गेंदों पर 56 रन बनाए. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 153 रन बनाए थे, जिसे भारत ने आसानी से दो विकेट खोकर 60 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया.
ये भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा के तूफान में उड़ गया रोहित का ये महारिकॉर्ड, पहले किसी ने नहीं मचाई इतनी भयंकर तबाही