India vs New Zealand 3rd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की सीरीज का तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच रविवार, 25 जनवरी को खेला जाएगा. गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी सीरीज पर कब्जा करने के इरादे से उतरेगी. टीम इंडिया भले ही जीत की पटरी पर सवार है, लेकिन इस मैच में स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज संजू सैमसन पर रन बनाने का दवाब होगा. अब तक हुए दोनों मैचों में वो बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए हैं. वहीं, दूसरी तरफ दूसरे विकेट कीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने पिछले मैच में बल्ले से तबाही मचाई थी. उन्होंने 32 गेंदों पर 76 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी.
हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने शुभमन गिल जैसे धाकड़ बल्लेबाज की कुर्बानी देकर संजू सैमसन को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए चुना है. उन्हें लगातार सलामी बल्लेबाज के तौर पर मौके भी दिए जा रहे हैं, लेकिन संजू ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में अभी तक निराश किया है.
संजू सैमसन का कड़ा इम्तेहान
न्यूजीलैंड के खिलाफ नागपुर में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में संजू सैमसन 10 रन बनाकर आउट हुए, वहीं रायपुर में 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. दोनों बार वो बेहद खराब शॉट खेलकर आउट हुए. इस सीरीज के आखिरी दो मैचों में तिलक वर्मा वापसी कर सकते हैं. ऐसे में टीम मैनेजमेंट को तिलक के लिए एक खिलाड़ी को बाहर का रास्ता दिखाना होगा. गंभीर और सूर्या शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन को बाहर करने का रिस्क नहीं लेना चाहेंगे. इसकी वजह से संजू सैमसन पर और ज्यादा दबाव होगा.
तिलक के आने से बढ़ेगी टेंशन!
जैसे ही तिलक वर्मा टीम में शामिल होंगे, उन्हें सीधे प्लेइंग इलेवन में रखा जाएगा. देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें किसकी जगह मौका मिलता है. न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में संजू सैमसन रनों की बरसात करना चाहेंगे, ताकि वो प्लेइंग इलेवन में बने रहे. अगर वो अच्छी पारी खेल देते हैं तो ईशान किशन को बाहर किया जा सकता है, क्योंकि वो फिलहाल नंबर-3 पर खेल रहे हैं, जो तिलक वर्मा की जगह है. ईशान भी इस बात से वाकिफ हैं और इसलिए वो रायपुर की तरह गुवाहाटी में भी बल्ले से तबाही मचाना चाहेंगे.
इसे भी पढ़ें: बुरा फंसा पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर का बेटा, नौकरानी के साथ दुष्कर्म का आरोप, फार्म हाउस में की काली करतूत?