IND vs NZ 3rd T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का तीसरा मुकाबला आज शाम 7:00 बजे से गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. पांच मैचों की मौजूदा टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारत 2-0 से आगे है. अगर भारत गुवाहाटी में होने वाले तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच को जीत लेता है, तो वह इस सीरीज पर कब्जा जमा लेगा. T20I सीरीज नागपुर में शुरू हुई, जहां भारत ने 48 रनों से आसान जीत दर्ज की. इसके बाद भारत ने रायपुर में भी शानदार प्रदर्शन किया और एक हाई-स्कोरिंग मैच में 7 विकेट से जीत हासिल की.
बल्लेबाज करेंगे रनों का विस्फोट?
भारतीय टीम ने जहां इस पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है. वहीं, मिचेल सेंटनर की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड की टीम भी वापसी करने और सीरीज को जिंदा रखने के लिए बेताब होगी. अब तक इस सीरीज में भारत की बैटिंग सबसे खास रही है. अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव सभी ने अहम योगदान दिया है. तीसरे T20I मैच में ये तीनों ही बल्लेबाज रनों का विस्फोट कर सकते हैं.
फॉर्म में लौट आए सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव भी फॉर्म में लौट आए हैं. 23 T20I पारियों में अर्धशतक न बनाने के बाद सूर्यकुमार यादव ने दूसरे T20I मैच में सिर्फ 37 गेंदों में शानदार 82* रन बनाए. सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन की पारी की मदद से भारत ने दूसरे T20I मैच में सिर्फ 15.2 ओवर में 209 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया. सूर्यकुमार यादव से पहले ईशान किशन ने 21 गेंदों में तेज अर्धशतक बनाकर नींव रखी थी. अभिषेक शर्मा के गोल्डन डक पर आउट होने के बावजूद टीम को जीत मिली. यह सीरीज अभी तक बल्लेबाजों के नाम रही है, जिसमें दोनों तरफ के गेंदबाजों को मुश्किल हालात में संघर्ष करना पड़ा.
क्या गुवाहाटी में बारिश मचाएगी कहर?
गुवाहाटी का मौसम आज मैच के दिन बहुत अच्छा रहेगा. दिन में तापमान 26°C से लेकर शाम को 15°C तक रहेगा. बारिश का कोई अनुमान नहीं है और हवा में नमी 65-87 परसेंट के आसपास रहेगी. गुवाहाटी की पिच आमतौर पर बैटिंग के लिए अच्छी होती है, लेकिन शुरुआती हालात गेंदबाजों की मदद कर सकते हैं. हल्की घास वाली लाल मिट्टी की पिच शुरुआत में गेंदबाजों को कुछ मदद दे सकती है. बल्लेबाज एक बार यहां सेट होने के बाद हावी रहेंगे. फिर भी एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है.