भोपाल. मध्य प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में इस वक्त कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी रही हैं जबकि एमपी में अगले दो दिन जहां कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत की उम्मीद देखी जा रही है, तो इसके बाद जनवरी के आखिरी हफ्ते में ठंड फिर बढ़ेगी. शनिवार को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर संग कई इलाकों में बादल छाए रहे. इसके अलावा कई जगह हल्की बूंदाबांदी भी रिकॉर्ड हुई. शनिवार के दिन भी प्रदेश के कई हिस्से घने कोहरे के आगोश में देखने को मिले. मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है.
प्रदेश में ठंड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो एमपी में सबसे ठंडा स्थान रिकॉर्ड हुआ है. इसके साथ ही शिवपुरी में 8 डिग्री सेल्सियस, चित्रकूट में 8.4 डिग्री और कटनी के करौंदी में 8.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ है. वहीं रीवा में 8.6 डिग्री, खजुराहो में 9.4 डिग्री और मंडला में पारा 9.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है.
मौसम वैज्ञानिक डॉ दिव्या सुरेंद्रन के अनुसार, अगले दो दिनों तक तेज ठंड पड़ने की संभावना नहीं जताई गई है. हालांकि सुबह के समय प्रदेश के कई इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर के कोहरे को लेकर चेतावनी जारी है. मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, उत्तर पाकिस्तान के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिससे जुड़ी ट्रफ लाइन के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है. इसी सिस्टम के असर से प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है. शनिवार को राजधानी भोपाल में भी दोपहर के बाद आसमान में बादल छा गए, जिसके चलते दिन के तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. बादलों की वजह से धूप कम निकलने से ठंड का असर हल्का महसूस किया गया.
उज्जैन में 15 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 13.5 डिग्री, जबलपुर में 14.8 डिग्री, इंदौर में 16.2 डिग्री और भोपाल में 17.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
एमपी में ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर कलां, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ जिले में मौसम विभाग ने घना कोहरा पड़ने की चेतावनी जारी की है. जिसको लेकर लोकल 18 आपसे विशेष अपील करता है कि कोहरे में यात्रा के वक्त विशेष सावधानी बरतें.