T20 World Cup 2026: हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वो अपने देश के लिए वर्ल्ड कप जैसा बड़ा इवेंट खेले, लेकिन जरा सोचिए ये सपना बेहद करीब आकर टूट जाए तो किसी क्रिकेटर पर क्या बीतेगी? वो हताश-निराश हो जाएगा, क्योंकि कड़ी मेहनत के दम पर उसे स्क्वाड में जगह मिली होती है और फिर विश्व कप से बाहर होना बेहद दर्दनाक होता है. ये दर्द टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले चार स्टार खिलाड़ियों को मिल चुका है. एक चोट के चलते चारों का वर्ल्ड कप खेलने का सपना टूट गया. अब टीमों ने उनकी जगह नए खिलाड़ियों को स्क्वाड में शामिल कर लिया है.
जो चार खिलाड़ी टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले बाहर हो गए हैं, उनमें साउथ अफ्रीका टीम के 2, न्यूजीलैंड से 1 और 1 खिलाड़ी अफगानिस्तान टीम का शामिल है. इन खिलाड़ियों के बाहर होने से टीमों को अपने कॉम्बिनेशन में बदलाव करने पड़े हैं. अब सवाल ये है कि आखिर ये बदनसीब क्रिकेटर हैं कौन? नीचे बारी-बारी से जान लीजिए.
1. नवीन-उल-हक (अफगानिस्तान)
सबसे पहला नाम अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक का है, जो अपनी तेज गेंदबाजी के लिए मशहूर हैं, लेकिन चोट के चलते वो बाहर हो चुके हैं. नवीन अपने दाहिने कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर से जूझ रहे थे और उनकी सर्जरी भी हो चुकी है, इसलिए वो इस मेगा इवेंट में नजर नहीं आएंगे. उनकी जगह जिया-उर-रहमान शरीफी को टीम में शामिल किया गया है.
2. एडम मिल्ने (न्यूजीलैंड)
दूसरा नाम तेज गेंदबाज एडम मिल्ने का है, जो न्यूजीलैंड के स्टार बॉलर हैं. उनका बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका है. मिल्ने हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते टी20 वर्ल्ड कप 2026 नहीं खेल पाएंगे. उन्हें यह चोट SA20 2025-26 के दौरान लगी थी, जहां वो सनराइजर्स ईस्टर्न केप के लिए खेल रहे थे. अब उनकी जगह काइल जैमीसन को कीवी टीम में शामिल किया गया है.
3. डोनोवन फरेरा
दाएं हाथ के इस खिलाड़ी को विस्फोटक ऑलराउंडर माना जाता है, जो टी20 में अकेले दम पर मैच पलटने की क्षमता रखते हैं. उनके पास दमदार सिक्स हिटिंग क्षमता है, लेकिन SA20 2025-26 के दौरान बाएं कंधे की हड्डी (क्लैविकल) में चोट के चलते वो टी20 विश्व कप नहीं खेल पाएंगे. उनकी जगह ट्रिस्टन स्टब्स को टीम में शामिल किया गया है.
4. टोनी डी जोरजी
इस लिस्ट में चौथा नाम दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के बल्लेबाज टोनी डी जोरजी का है, जो दाहिने हैमस्ट्रिंग में टियर की चोट से उबर रहे हैं. वो अभी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं, इसलिए वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. उनकी जगह तूफानी विकेटकीपर बल्लेबाज रयान रिकेल्टन को स्क्वाड में शामिल किया गया है.
ये भी पढ़ें: ENG vs SL: Joe Root ने वनडे में बना डाला प्रचंड रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले पहले अंग्रेज बने