U19 World Cup 2026: जीत खुशी देती है और जब पहली जीत मिलती है तो इसका अहसास भी अलग होता है. ये जीत तब और खास होती है जब कड़ी मेहनत के बाद सालों बाद नसीब हो. 24 जनवरी 2025 के दिन क्रिकेट की दुनिया की एक अनजान टीम ने पूरे 5 साल बाद वर्ल्ड कप में जीत दर्ज करके इतिहास रच दिया. इस जीत से न सिर्फ खिलाड़ियों में खुशी है बल्कि उसका पूरा देश झूम उठा है. जिस टीम की यहां बात हो रही है वो कोई और नहीं बल्कि जापान की अंडर-19 टीम है, जिसने अंडर-19 विश्व कप 2025-26 में तंजानिया को मात देकर इतिहास रच दिया. पूरे 5 साल बाद उसे अंडर-19 विश्व कप में पहली जीत मिली है.
दरअसल, इन दिनों जिम्बाब्वे और नामीबिया की सरजमीं पर आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की धूम है. कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया है. इन्हीं में से एक जापान भी है, जिसने प्लेऑफ मुकाबले में तंजानिया अंडर-19 टीम को 9 विकेट से मात दी. जापान की यह पहली जीत रही, जबकि तंजानिया का आज तक खाता नहीं खुला. जापान ने गेंदबाजों के दम पर मैच को अपने नाम किया है.
जापान ने ऐसे रचा इतिहास
ये वही जापान टीम है, जिसने साल 2020 में अपना अंडर-19 वर्ल्ड कप डेब्यू किया था. डेब्यू विश्व कप में ये टीम 16वें स्थान के प्लेऑफ मैच में नाइजीरिया से हारकर बाहर हो गई थी, लेकिन अब दूसरा विश्व कप खेलने उतरी जापान ने 5 साल बाद पहली जीत दर्ज करके इतिहास रच दिया.
मैच का लेखा जोखा
अगर मैच की बात करें तो यह मुकाबला विंडहोक के हाई परफॉर्मेंस ओवल में हुआ, जिसमें तंजानिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी. लेकिन यह फैसला उल्टा पड़ गया और पूरी टीम 38.3 ओवर में 131 रन ही बना पाई. ओपनर एक्री ह्यूगो ने 77 गेंदों पर 55 रन बनाए. आयान शरीफ ने 89 गेंदों पर 40 रन जोड़े, लेकिन इन दोनों के अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं पाया. तंजानिया ने आखिरी के 7 विकेट सिर्फ 13 रनों पर खो दिए.
जापान के गेंदबाजों ने किया कमाल
जापान के लिए गेंदबाजों ने जलवा दिखाया. निहार परमार ने 10 ओवर में 1 मेडन के साथ 30 रन देकर 4 विकेट निकाले. इस गेंदबाज ने शरीफ, अगस्टिनो म्वामेले, सिम्बा एमबाकी और रेमंड फ्रांसिस नाम के बल्लेबाजों को चलता किया. वहीं दूसरे गेंदबाज निखिल पोल ने भी तबाही मचाई. उन्होंने 6 ओवर में सिर्फ 23 रन दिए और 3 विकेट लेकर तंजानिया की हालत खराब कर दी. चार्ली हारा-हिन्जे ने 2 विकेट निकाले.
जापान के ओपनर्स ने जिताया मैच
अब बारी थी 132 रनों के चेज की. जापान के बल्लेबाजों ने कमाल की शुरुआत की. ओपनर निहार परमार और टेलर वॉ ने पहले विकेट के लिए 122 रन जोड़े और तंजानिया को बैकफुट पर धकेल दिया. दोनों ने 27 ओवर तक बल्लेबाजी की. परमार ने नाबाद 53 रन बनाए, जबकि वॉ ने 90 गेंदों में 47 रन का योगदान दिया. जापान ने 28.2 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
ये भी पढ़ें: ENG vs SL: Joe Root ने वनडे में बना डाला प्रचंड रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले पहले अंग्रेज बने