छिंदवाड़ा में गणतंत्र दिवस पर प्रभारी मंत्री और लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था देख नाराज हो गए। ध्वजारोहण के बाद वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खजरी में बच्चों के साथ भोजन करने पहुंचे थे। वहां भोजन कक्ष में बच्चों की जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं की भीड़ देखकर उन्होंने आपत्ति जताई। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि यह कार्यक्रम बच्चों के लिए है, नेताओं के लिए नहीं। स्थिति उस समय असहज हो गई जब बच्चों से पहले मंत्री को भोजन परोसने की तैयारी की गई। इस पर मंत्री राकेश सिंह ने तुरंत रोकते हुए कहा- “हम बच्चों के कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं, पहले बच्चों को भोजन दीजिए।” स्कूल स्टाफ ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन मंत्री ने हाथ जोड़कर अपनी असहमति जाहिर कर दी। कुर्सियों पर जम गए नेता, मंत्री के पास सिर्फ एक छात्र भोजन कक्ष में गिने-चुने बच्चे ही मौजूद थे, जबकि बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता बैठ गए थे। मंत्री के पास भी केवल एक छात्र बैठा नजर आया, जबकि उनके आसपास भाजपा जिलाध्यक्ष, कलेक्टर, महापौर और आदिवासी समाज के नेता बैठे रहे। अन्य स्थानों पर भी छात्रों की जगह युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थालियां लेकर कुर्सियां घेर ली थीं। कार्यकर्ताओं को अगली पंक्ति में भेजा जैसे ही मंत्री राकेश सिंह भोजन करने बैठे, उन्होंने अव्यवस्था देखकर कार्यकर्ताओं को अगली पंक्ति में बैठने के लिए कहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था साफ नजर आई। मंत्री ने इशारों-इशारों में संदेश दिया कि शासकीय योजनाओं और बच्चों से जुड़े कार्यक्रमों में प्राथमिकता बच्चों को ही मिलनी चाहिए।
Source link