छिंदवाड़ा में फर्जी UPI स्कैनर से ठगी की कोशिश: सतर्कता दुकानदार ने बचाई 2 हजार की चपत; एक आरोपी पकड़ा, तीन फरार – Chhindwara News

छिंदवाड़ा में फर्जी UPI स्कैनर से ठगी की कोशिश:  सतर्कता दुकानदार ने बचाई 2 हजार की चपत; एक आरोपी पकड़ा, तीन फरार – Chhindwara News




छिंदवाड़ा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलक मार्केट में रविवार देर शाम ठगी का एक मामला सामने आया, जहां फर्जी यूपीआई स्कैनर के जरिए कपड़ा व्यापारी को चूना लगाने की कोशिश की गई। हालांकि दुकानदार की सतर्कता से बड़ी ठगी टल गई और एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि तिलक मार्केट में अनुज ठाकुर की कपड़े की दुकान पर चार युवक पहुंचे और करीब 2 हजार रुपए की खरीदारी की। इसके बाद उन्होंने फर्जी यूपीआई एप के माध्यम से भुगतान होने का स्क्रीनशॉट दिखाया और पेमेंट हो जाने की बात कही। दुकानदार को संदेह होने पर उसने अपने यूपीआई अकाउंट की जांच की, लेकिन खाते में कोई रकम ट्रांसफर नहीं हुई थी। जब युवकों से दोबारा ट्रांजैक्शन दिखाने को कहा गया तो स्क्रीनशॉट फर्जी निकला। इस पर दुकानदार ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद तीन युवक मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय दुकानदारों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे कोतवाली थाना ले जाया गया, जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद तिलक मार्केट के व्यापारियों में आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में व्यापारी रात तक कोतवाली थाने में डटे रहे और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और फर्जी यूपीआई एप के इस्तेमाल को लेकर जांच की जा रही है।



Source link