मंत्री विजय शाह के विभाग को मिला पहला इनाम: खंडवा में मंच पर सर्टिफिकेट बंटे तो नाम गलत निकले; DEO से बोले- 5 हजार तुम देना – Khandwa News

मंत्री विजय शाह के विभाग को मिला पहला इनाम:  खंडवा में मंच पर सर्टिफिकेट बंटे तो नाम गलत निकले; DEO से बोले- 5 हजार तुम देना – Khandwa News




खंडवा में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि और जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के विभाग की झांकी को ही प्रथम पुरस्कार मिला है। मंत्री ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी दी। पुरस्कार वितरण के दौरान मंच पर अव्यवस्था हुई और गलत नाम से सर्टिफिकेट बंटने पर मंत्री नाराज हो गए। इसके अलावा मंत्री ने स्टेडियम ग्राउंड को 5 करोड़ रुपए की लागत से हॉकी टर्फ बनाने का प्रस्ताव दिया और बैडियावं गांव में छात्रा के डांस पर 5 हजार रुपए इनाम की घोषणा की। गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी दी। समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां निकाली गईं। इनमें जनजातीय कार्य विभाग की झांकी को प्रथम पुरस्कार दिया गया। यानी मुख्य अतिथि मंत्री के विभाग की झांकी ही पहले नंबर पर रही। मंच पर गलत नाम पुकारे, मंत्री हुए नाराज मंत्री शाह ने जिला प्रशासन, पुलिस और सामाजिक संगठनों से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। पुरस्कार वितरण के दौरान मंच पर भीड़ बढ़ गई। अव्यवस्था तब हुई जब जिन्हें पुरस्कृत किया जा रहा था, उन्हें सर्टिफिकेट किसी और नाम से दिए जाने लगे। इस पर मंत्री शाह ने नाराजगी जताई। इसके बाद जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा ने मोर्चा संभाला और लिस्ट की बजाय सीधे सर्टिफिकेट देखकर उद्घोषणा करवाई। स्टेडियम को हॉकी टर्फ बनाने का प्रस्ताव मंच पर विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर और महापौर भी मौजूद थीं। मंत्री विजय शाह ने कार्यक्रम स्थल (स्टेडियम ग्राउंड) को लेकर महापौर से कहा कि इसे हॉकी टर्फ बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसका एस्टीमेट बनवाकर मुझे भिजवा दें। मंत्री ने बताया कि वे खालवा में हॉकी टर्फ बनवा रहे हैं, वहां की मशीनें यहां आ जाएंगी। महापौर ने खर्च पूछा तो मंत्री ने बताया कि करीब 5 करोड़ रुपए का बजट आएगा। छात्रा के डांस पर 5 हजार का इनाम कार्यक्रम के बाद मंत्री विजय शाह ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैडियावं गांव पहुंचकर स्कूली बच्चों के साथ भोजन किया। इस गांव को ‘वृंदावन गांव’ का दर्जा दिया गया है। यहां आयोजित कार्यक्रम में मंत्री को एक छात्रा का एकल नृत्य बहुत पसंद आया। उन्होंने छात्रा की सराहना करते हुए 5 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की। राशि को लेकर मंत्री ने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा- “तुम 5 हजार रूपए दे देना, नहीं हो तो मेरे घर से ले जाना लेकिन देना।”



Source link