भारत के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा ने रविवार को गुवाहाटी में खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दी. न्यूजीलैंड के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने 20 गेंदों पर 68 रनों की नाबाद पारी खेली. अभिषेक शर्मा ने 340 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 7 चौके और 5 छक्के लगाए. अभिषेक शर्मा ने इस दौरान महज 14 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसी के साथ ही वह T20I में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं.
युवराज सिंह ने खींची अभिषेक शर्मा की टांग
अभिषेक शर्मा ने भले ही 14 गेंदों में अर्धशतक जड़ने का कमाल कर दिखाया, लेकिन वह युवराज सिंह ने 12 गेंदों में T20I फिफ्टी के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाए. दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह के नाम भारत के लिए 12 गेंदों में सबसे तेज T20I फिफ्टी जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है. युवराज सिंह न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे T20I में अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी पर रिएक्ट किए बिना नहीं रह सके. युवराज सिंह ने पोस्ट करते हुए लिखा,’अभी भी 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना सकते, है ना? बहुत बढ़िया खेले – ऐसे ही शानदार खेलते रहो.’
(@YUVSTRONG12) January 25, 2026
अभिषेक शर्मा ने मचाया तहलका
अभिषेक शर्मा ने रविवार को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक लगाया. यह किसी भारतीय की ओर से दूसरा सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक था. टी20 क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में यह कारनामा किया था.
मैच के बाद क्या बोले अभिषेक शर्मा?
अभिषेक शर्मा ने मैच के बाद कहा था, ‘युवराज सिंह का सबसे तेज टी20 अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ना किसी के लिए भी नामुमकिन से ज्यादा है, लेकिन फिर भी, आप कभी नहीं जानते. कोई भी बल्लेबाज ऐसा कर सकता है. मुझे लगता है कि इस सीरीज में सभी बल्लेबाज बहुत अच्छा खेल रहे हैं. आगे भी यह सीरीज मजेदार होने वाली है.’
भारत ने सीरीज में बनाई 3-0 से बढ़त
टीम इंडिया के खिलाफ रविवार को टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 9 विकेट खोकर 153 रन बनाए. इसके जवाब में भारत ने अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बीच 40 गेंदों में 102 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत महज 10 ओवरों में मैच जीत लिया. अभिषेक ने 20 गेंदों में 5 छक्कों और 7 चौकों के साथ नाबाद 68 रन बनाए, जबकि सूर्या ने 26 गेंदों में 9 बाउंड्री के साथ 57 रन की नाबाद पारी खेली. टीम इंडिया ने इसी के साथ ही सीरीज पर कब्जा जमाते हुए 3-0 से अजेय बढ़त बना ली.