IND vs NZ 3rd T20I: सूर्यकुमार यादव का बड़ा करिश्मा…जीत की हैट्रिक के दम पर तोड़ा विराट कोहली का ये महारिकॉर्ड

IND vs NZ 3rd T20I: सूर्यकुमार यादव का बड़ा करिश्मा…जीत की हैट्रिक के दम पर तोड़ा विराट कोहली का ये महारिकॉर्ड


IND vs NZ 3rd T20I: टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम इंडिया पूरी तरह तैयार नजर आ रही है. न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले तीनों ही मुकाबले उसने एकतरफा अंदाज में जीते हैं. 25 जनवरी की शाम गुवाहाटी में खेले गए तीसरे टी20 में तो बल्लेबाजों ने ऐसी तबाही मचाई कि 154 रनों का टारगेट सिर्फ 10 ओवर में चेज कर डाला. इस जीत ने ना सिर्फ टीम इंडिया को सीरीज में अजेय बढ़त दिलाई, बल्कि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बड़ा करिश्मा भी कर दिया है.

सूर्यकुमार यादव ने दूसरे टी20 में जहां 82 रनों की नाबाद पारी खेली थी, वहीं तीसरे मैच में भी उनका बल्ला चला. कप्तान सूर्या ने 26 गेंदों पर 3 छक्के और 6 चौकों की मदद से 57 रन बनाए, लेकिन उन्होंने जो बड़ा करिश्मा किया है, वो इस पारी के दम पर नहीं बल्कि टीम इंडिया की जीत के दम पर किया है. जी हां, वो भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 मैच जीतने वाले कप्तानों की लिस्ट में अब विराट कोहली से आगे निकल चुके हैं.

सूर्या ने 41 मैचों में जीत लिए 33 मैच

सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी करते हुए भारत के लिए 33 मैच जीत लिए हैं, जबकि विराट कोहली ने 32 मैच जीते थे. कोहली ने 50 मैचों में यह कमाल किया था, जबकि सूर्यकुमार यादव ने ये कारनामा सिर्फ 41 मैचों में कर दिखाया है. इस लिस्ट में नंबर एक पर रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 50 मैच बतौर कप्तान जीते थे. उनके बाद एमएस धोनी का नाम है, जिन्होंने बतौर कप्तान 42 जीत दर्ज की थीं.

Add Zee News as a Preferred Source


मैच का लेखा-जोखा

अगर मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 153 रन बनाए थे. टीम के लिए ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों पर 6 चौके और 1 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 48 रन ठोके थे. मार्क चैपमैन ने 23 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 32 रन किए थे. भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट लिए, जबकि हार्दिक पांड्या और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट झटके. एक विकेट हर्षित राणा के खाते में गया.

10 ओवर में चेज कर दिए 154 रन

जब टीम इंडिया 154 रनों के टारगेट को चेज करने उतरी, तो उसने इतिहास रच दिया. भारत ने तूफानी बल्लेबाजी के दम पर सिर्फ 10 ओवर में जीत हासिल कर ली. ओपनर अभिषेक शर्मा ने महज 14 गेंदों पर फिफ्टी जड़ी. उन्होंने 20 गेंदों पर 7 चौके और 5 छक्कों की मदद से 55 रन बनाए. वहीं ईशान किशन ने 13 गेंदों पर 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 28 रन ठोके. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंदों पर 3 छक्के और 6 चौके लगाकर 57 रनों की नाबाद पारी खेली. ओपनर संजू सैमसन पहली गेंद पर आउट हो गए थे. टीम इंडिया ने सिर्फ 2 विकेट खोकर 60 गेंदें बाकी रहते हुए 8 विकेट से मैच जीत लिया. इस जीत के दम पर भारत ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है.

ये भी पढ़ें: न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने रचा इतिहास, वेस्टइंडीज का ऐतिहासिक रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त, जानें पूरा मामला

 



Source link