Last Updated:
Top Run Scorer In T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका में होने जा रहा है. जिसमें भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की जा रही है. इरफान पठान, सुरेश रैना और रॉबिन उथप्पा ने कहा अभिषेक शर्मा से ज्यादा उनका बल्ला चलेगा.
नई दिल्ली. आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च तक होना है. इस बार के टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी और मुकाबले भारत के पांच और श्रीलंका के तीन मैदानों पर खेले जाएंगे. भारत के खिताब बचाव से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, इरफान पठान, रॉबिन उथप्पा, मोहम्मद कैफ, आकाश चोपड़ा, अनिल कुंबले, संजय बांगड़ और चेतेश्वर पुजारा ने आगामी टूर्नामेंट में भारत के टॉप रन स्कोरर को लेकर अपनी-अपनी भविष्यवाणी की है.
रैना, पठान और उथप्पा के मुताबिक, भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव इस टूर्नामेंट में भारतीय बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा रन बनाएंगे. स्टार स्पोर्ट्स पर जब रैना से पूछा गया, “आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन कौन बनाएगा?” तो उन्होंने जवाब दिया, “भारत के कप्तान, वर्ल्ड कप कप्तान, सूर्यकुमार यादव.”
2007 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने वाले इरफान पठान ने भी सूर्यकुमार यादव का नाम लिया और कहा, “मुझे सूर्यकुमार यादव पर पूरा भरोसा है.”
लेकिन कैफ और बांगड़ के अनुसार, मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज तिलक वर्मा भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाएंगे. वहीं, चोपड़ा, कुंबले और पुजारा ने वर्ल्ड नंबर 1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पक्ष में वोट दिया है. अभिषेक 2025 में भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उन्होंने 2026 में अब तक खेले गए तीन टी20 मैचों में दो अर्धशतक जड़े हैं.
21 जनवरी को नागपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में 84 रन बनाए थे और 25 जनवरी को तीसरे टी20 में 20 गेंदों पर नाबाद 68 रन की पारी खेली थी. सूर्यकुमार यादव, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की कप्तानी करेंगे, इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में 22 गेंदों पर 32 रन बनाए और फिर अगले दो मैचों में 23 और 25 जनवरी को नाबाद 82 और 57 रन बनाए.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें